MP News : उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे चंदिया वन मंडल में गुरुवार शाम बड़ा हादसा सामने आया। नेशनल हाइवे 43 से महज चंद कदम दूर बरम बाबा के पास कथली नदी किनारे एक वयस्क बाघ का शव मिला। शव की हालत देखकर मौत संदिग्ध लग रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
वन विभाग ने लिया एक्शन (MP News) :
मौके पर पहुंचकर टीम ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। NTCA प्रोटोकॉल के तहत जांच शुरू हो गई है।
प्रारंभिक जांच में बाघ के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। शव सड़ने की हालत में था, इसलिए उम्र का अनुमान लगाना मुश्किल है।
रिपोर्ट NTCA को भेजी जाएगी (MP News) :
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के आसपास के जंगलों में बाघों का मूवमेंट आम है। हाल के महीनों में यहां कई बाघों की मौत की खबरें आई हैं, जिससे वन्यजीव प्रेमी चिंतित हैं। विभाग ने कहा कि रिपोर्ट NTCA को भेजी जाएगी।
इलाके में ग्रामीणों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जांच पूरी होने तक क्षेत्र में आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बाघ की मौत प्राकृतिक है या कोई और कारण, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगा।