Indore Ujjain Corridor Project: इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही मालवा क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल इस मेगा प्रोजेक्ट का काम औपचारिक रूप से शुरू हो गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट भी मौजूद रहे।
48 किलोमीटर लंबा होगा कॉरिडोर
करीब 48 किलोमीटर लंबा यह फोरलेन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर इंदौर के पितृ पर्वत क्षेत्र से शुरू होकर उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर के पास सिंहस्थ बायपास तक पहुंचेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 2935 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
सरकार का दावा है कि सड़क बनने के बाद इंदौर और उज्जैन के बीच यात्रा का समय कम होगा और लोगों को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिलेगा। इसका लाभ महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, सिंहस्थ में शामिल होने वाले लोगों और रोजाना दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वालों को मिलेगा।
किसानों को मिला बड़ा मुआवजा
इस परियोजना के लिए 917 किसानों की करीब 242.939 हेक्टेयर जमीन प्रभावित हुई है। इसके बदले सरकार ने 816 करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा दिया है।
खास बात यह रही कि किसानों को कलेक्टर गाइडलाइन के बजाय बाजार और बिक्री दरों के आधार पर 4 से 8 गुना तक अधिक मुआवजा दिया गया। इसे प्रदेश में भूमि अधिग्रहण के मामलों में एक नई पहल माना जा रहा है।