Mahakaushal Tines

धुरंधर 2 से पहले रणवीर सिंह की बड़ी छलांग, शंकर के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘वेलपारी’ में एंट्री की चर्चा


नई दिल्ली । बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह इन दिनों अपने करियर के सबसे मजबूत और सुनहरे दौर से गुजर रहे हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर में उनके दमदार अभिनय ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि समीक्षकों से भी जमकर तारीफ बटोरी। फिल्म की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता ने यह साबित कर दिया कि रणवीर सिंह आज भी बड़े पर्दे पर दर्शकों को खींचने की पूरी ताकत रखते हैं। इसी कामयाबी के साथ रणवीर के खाते में एक के बाद एक बड़े प्रोजेक्ट्स जुड़ते नजर आ रहे हैं।

जहां एक ओर धुरंधर 2 को लेकर चर्चाएं तेज हो चुकी हैं, वहीं अब रणवीर सिंह के हाथ एक और बेहद खास और महत्वाकांक्षी फिल्म लगने की खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साउथ इंडस्ट्री के दिग्गज फिल्ममेकर शंकर अपनी ऐतिहासिक फिल्म वेलपारी के लिए रणवीर सिंह को कास्ट करने की योजना बना रहे हैं। शंकर, जिन्हें नायक और अन्नियन जैसी आइकॉनिक फिल्मों के लिए जाना जाता है, लंबे समय से इस प्रोजेक्ट को बड़े पर्दे पर लाने का सपना देख रहे हैं। वेलपारी को उनका ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है जिसे वह बेहद भव्य स्तर पर बनाने की तैयारी में हैं।

बताया जा रहा है कि यह फिल्म मशहूर लेखक एस. वेंकटेशन के चर्चित नॉवेल पर आधारित होगी। कहानी प्राचीन तमिल शासक वेल पारी के जीवन, संघर्ष और उनके साहसिक फैसलों को दर्शाएगी। यह एक ऐसी ऐतिहासिक गाथा होगी, जिसमें सत्ता, युद्ध, त्याग और नेतृत्व की कहानी बड़े पैमाने पर दिखाई जाएगी। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विक्रम भी अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं। अगर यह कास्टिंग फाइनल होती है, तो यह फिल्म नॉर्थ और साउथ सिनेमा के बीच एक मजबूत सिनेमैटिक पुल बन सकती है।

मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार धुरंधर की शूटिंग पूरी करने के बाद रणवीर सिंह अपने अगले बड़े किरदार की तैयारी में जुट चुके हैं। वह अपने रोल को लेकर बेहद गंभीर बताए जा रहे हैं और स्क्रिप्ट से लेकर अपने लुक और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन तक पर खास ध्यान दे रहे हैं। दूसरी ओर शंकर भी अपनी पिछली फिल्म गेम चेंजर के बाद अब पूरी तरह वेलपारी पर फोकस करने के मूड में हैं और जल्द ही इस फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू किया जा सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी रणवीर सिंह और शंकर के साथ काम करने की चर्चाएं सामने आ चुकी हैं। साल 2021 में अन्नियन के हिंदी रीमेक को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई थी लेकिन वह प्रोजेक्ट किसी कारणवश आगे नहीं बढ़ सका। ऐसे में अगर वेलपारी के जरिए यह सहयोग साकार होता है, तो यह फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा।

फिलहाल इस फिल्म को लेकर न तो रणवीर सिंह और न ही निर्देशक शंकर की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। हालांकि जिस तरह से इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चाएं तेज हैं और इसके बड़े बजट की बातें सामने आ रही हैं, उससे साफ है कि वेलपारी आने वाले समय की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बन सकती है। रणवीर सिंह के फैंस भी उन्हें एक ऐतिहासिक किरदार में देखने के लिए पहले से ही उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर