Mahakaushal Times

Bhopal Crime News: दुष्कर्म आरोपी की कोर्ट में पेशी पर हंगामा, वकीलों ने की पिटाई; कमला पार्क में नाबालिग पर चाकू से हमला


भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े दो गंभीर मामले सामने आए, जिससे शहर में हड़कंप मच गया। पहला मामला कोहेफिजा इलाके का है, जहां 11वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी की कोर्ट में पेशी के दौरान जमकर हंगामा हुआ। वहीं दूसरी घटना श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र के कमला पार्क रेत घाट के पास की है, जहां एक नाबालिग युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

कोहेफिजा थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के मामले में पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने पहुंची थी। जैसे ही आरोपी को कोर्ट परिसर में लाया गया, वहां मौजूद वकीलों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच तीखी बहस के बाद झूमा-झटकी भी हुई। आरोप है कि आरोपी ने कार में 11वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था और धर्म परिवर्तन के साथ अश्लील वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल भी किया था। घटना के दौरान हुए हंगामे और मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने किसी तरह हालात को संभालते हुए आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लिया है।

इधर, शहर के श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र अंतर्गत कमला पार्क रेत घाट के पास एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 17 वर्षीय नाबालिग युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। युवक पर धारदार हथियार से हाथ और पीठ पर वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में युवक के पीठ और हाथ के पंजे में गहरी चोटें आई हैं।

घायल युवक को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर कोर्ट परिसर में आरोपी के साथ मारपीट, तो दूसरी ओर सार्वजनिक स्थान पर नाबालिग पर जानलेवा हमला इन दोनों मामलों ने पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर