Commonwealth Games 2026 : भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर CM मोहन यादव ने दी बधाई, बेटियों ने बढ़ाया देश का मान
Commonwealth Games 2026 : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाडियों के शानदार प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, बेटियों ने देश का मान बढ़ाया है।
Commonwealth Games 2026 : भोपाल। ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। विभिन्न स्पर्धाओं में भारत के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी सफलता देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
शॉट पुट में भारतीय बेटियों का शानदार प्रदर्शन
महिला शॉट पुट एफ-57 स्पर्धा में शर्मिला धनकड़ ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। वहीं शिल्पा शायला ने कांस्य पदक अपने नाम किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय बेटियां लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का सम्मान बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और संघर्ष नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।
वेटलिफ्टिंग में भी भारत को मिली सफलता
पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में वल्लुरी अजय बाबू ने रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक जोड़ा। इसके अलावा महिला 58 किलोग्राम वर्ग में बिंदिया रानी ने कांस्य पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
हाई जंप में सर्वेश कुशारे ने जीता रजत
पुरुष हाई जंप स्पर्धा में सर्वेश कुशारे ने रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सर्वेश की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण रंग लाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी इसी तरह देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की लगातार सफलता देश के खेल जगत के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे देश को गौरवान्वित करती हैं और युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।