Balram Krishi Mahotsav : CM मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी सौगात, 82 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में भेजे 3300 करोड़
Balram Krishi Mahotsav : मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के किसानों के खातों में करीब 3300 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की।
Balram Krishi Mahotsav : खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 27 जुलाई को खंडवा पहुंचे। यहां उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने मंच से सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के किसानों के खातों में करीब 3300 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। यह राशि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को दी गई। योजना के तहत प्रति किसान 4 हजार रूपए की राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम खंडवा की नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद रहे।
खंडवा को मिली पुलिस बटालियन की सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान खंडवा में पुलिस बटालियन बनाने की घोषणा की। यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। पुलिस बटालियन बनने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सिंचाई का रकबा बढ़ाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंचाई का रकबा बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केन-बेतवा परियोजना के जरिए बुंदेलखंड के कई जिलों को लाभ पहुंचाने की तैयारी है। नर्मदा, ताप्ती, काली सिंध और पार्वती नदी क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर काम जारी है।
16 विभाग मिलकर किसानों के लिए कर रहे काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत 16 विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के साथ गांवों में सड़क, बिजली और नल से जल जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ लाड़ली बहनों, दिव्यांग और विधवा महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि पहुंचाई गई है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
खंडवा-मूंदी मार्ग का टेंडर जल्द जारी होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा से मूंदी मार्ग के निर्माण का टेंडर 15 अगस्त से पहले जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की दूसरी सड़कों को लेकर भी जल्द नई सौगात देने की बात कही। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास कार्यों के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी ध्यान दे रही है।
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और समान कानून का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा दादा धुनी वाले की नगरी है और ओंकारेश्वर में सिंहस्थ को लेकर बड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने भगवान कृष्ण से जुड़ी योजनाओं और चित्रकूट में राम वन पथगमन जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने के साथ एक समान कानून की दिशा में भी काम कर रही है।