Indore Airport: खुफिया सूचना के बाद एयरपोर्ट पर बिछाया जाल, अबूधाबी फ्लाइट से 2 करोड़ का सोना बरामद
खुफिया सूचना के आधार पर इंदौर एयरपोर्ट पर DRI और कस्टम ने संयुक्त कार्रवाई कर अबूधाबी से आए यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किया।

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई की, जिसमें अबूधाबी से आए एक यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किया गया। जब्त किए गए सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खुफिया सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के बाद एजेंसियां पूरे घटनाक्रम को लेकर, अब गहन जांच में उतर गई हैं
पहले से थी जांच एजेंसियों की नजर
जानकारी के मुताबिक, अबूधाबी से इंदौर आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से उतरे यात्री पर कस्टम और DRI की टीम पहले से ही निगरानी रख रही थी। जैसे ही खुफिया इनपुट मिला, वैसे ही एयरपोर्ट पर सर्विलांस बढ़ा दी गई, फिर यात्री की जांच के दौरान उसके पास से करीब एक किलो सोना बरामद हुआ। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया, और आगे की प्रक्रिया शुरू की गई
एयरलाइन कर्मचारियों की भूमिका भी जांच में
सूत्रों के अनुसार, एजेंसियां इस मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस के कुछ कर्मचारियों की संभावित भूमिका को लेकर भी पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, अब तक किसी कर्मचारी की गिरफ्तारी या संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी, साथ ही दस्तावेजी जांच पूरी होने के बाद कुछ और अहम सुराग सामने आ सकते हैं
अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क की परतें
DRI और कस्टम अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि बरामद सोना कहीं किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क से तो जुड़ा नहीं है। इसके लिए यात्री की यात्रा का पैटर्न, उसके संपर्क, और सोने की सप्लाई चेन की बारीक जांच चल रही है। एजेंसियों का कहना है कि सभी बातों की पुष्टि होने के बाद ही, पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा
हाल ही में शुरू हुई थी इंदौर-अबूधाबी उड़ान
सूत्रों के अनुसार ये कार्रवाई सोमवार तड़के करीब 3 बजे की गई, जब अबूधाबी से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट इंदौर पहुंची। खास बात ये है कि पिछले महीने ही इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हुई थी। ऐसे में, इस नए अंतरराष्ट्रीय रूट पर सामने आई इतनी बड़ी सोना बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता को और तेज कर दिया है, और जांच का दायरा भी बढ़ा दिया गया है
