Moong MSP Purchase : मूंग-उड़द किसानों को बड़ी राहत! अब नॉमिनी के जरिए होगी MSP पर उपज की बिक्री
Moong MSP Purchase : सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपज की खरीदी का पूरा भुगतान केवल किसान के पंजीकृत बैंक खाते में ही भेजा जाएगा। नामित प्रतिनिधि के बैंक खाते में किसी प्रकार की राशि जमा नहीं की जाएगी।
Moong MSP Purchase : नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य (PSS) खरीदी के दौरान किसानों को बड़ी राहत दी है। अब जिन किसानों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगरप्रिंट) बार-बार विफल हो रहा है, वे अपनी उपज नामित प्रतिनिधि (नॉमिनी) के माध्यम से भी बेच सकेंगे। इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी कारणों से कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचने से वंचित न रहे।
नॉमिनी के जरिए होगी खरीदी की प्रक्रिया
नई व्यवस्था के तहत किसान की उपज उसके नामित प्रतिनिधि के माध्यम से खरीदी जा सकेगी। हालांकि इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें निर्धारित की गई हैं। किसान का सत्यापन और उसका फोटो अनिवार्य रहेगा।
वहीं प्रतिनिधि का ओटीपी या ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक सत्यापन भी आवश्यक होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल वास्तविक और विशेष परिस्थितियों में ही लागू होगी, ताकि व्यवस्था का दुरुपयोग न हो।
भुगतान केवल किसान के बैंक खाते में होगा
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपज की खरीदी का पूरा भुगतान केवल किसान के पंजीकृत बैंक खाते में ही भेजा जाएगा। नामित प्रतिनिधि के बैंक खाते में किसी प्रकार की राशि जमा नहीं की जाएगी।
इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी और किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल उन किसानों को राहत देना है, जिन्हें बायोमेट्रिक सत्यापन में तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने दी जानकारी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस फैसले की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट के माध्यम से साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा और हितों को प्राथमिकता दे रही है। नई व्यवस्था से ऐसे किसानों को राहत मिलेगी, जो तकनीकी कारणों से अब तक समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचने में कठिनाई का सामना कर रहे थे।
