Jabalpur News : जबलपुर-पाटन मार्ग पर चक्का जाम, भारी वाहनों के दबाव और सड़क हादसों से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन
Jabalpur News : प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात रोक दिया और सड़क सुरक्षा की मांग उठाई।
Jabalpur News : जबलपुर। शहपुरा पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद जबलपुर-पाटन मार्ग पर बढ़े भारी वाहनों के दबाव और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में गुरुवार को पाटन चौराहे पर लोगों ने चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण जबलपुर, कटंगी, दमोह और शहपुरा की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया।
सड़क हादसों से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व जिला पंचायत सदस्य ठाकुर उदय भान सिंह ने किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात रोक दिया और सड़क सुरक्षा की मांग उठाई। उनका कहना है कि शहपुरा पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद पिछले करीब छह महीनों से भारी वाहनों का आवागमन पाटन मार्ग से कराया जा रहा है।
इससे सड़क पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है और दुर्घटनाओं की संख्या में भी लगातार इजाफा हुआ है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस अवधि में 40 से अधिक लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है।
फोरलेन निर्माण में देरी पर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बना शहपुरा फ्लाईओवर कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद भारी वाहनों का रूट बदलना पड़ा।
इसका सबसे अधिक असर पाटन कस्बे पर पड़ा है, जहां लोगों को रोजाना जाम, धूल और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जबलपुर-पाटन फोरलेन परियोजना को मंजूरी और बजट मिलने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है।
18 अगस्त तक सरकार को दिया समय
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में फोरलेन निर्माण और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
