Seoni Cattle Smuggling : गौ-वंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 23 बैल मुक्त; तीन आरोपी गिरफ्तार
Seoni Cattle Smuggling : अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
Seoni Cattle Smuggling : सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में गौ-वंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 23 बैलों को मुक्त कराया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत का कंटेनर भी जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
कोतवाली पुलिस को देर रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि जबलपुर से नागपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौ-वंश का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने छिंदवाड़ा रोड ब्रिज के पास फोरलेन पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर कंटेनर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। बाद में इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कंटेनर में 23 बैल मिले गौशाला भेजे गए
पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें 23 बैलों को बेहद तंग जगह में बांधकर ले जाया जा रहा था। उनके सींग, पैर और गर्दन रस्सियों से बंधे हुए थे। सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर दयोदय जीवरक्षा संस्थान गौशाला, बीझावाड़ा भेजा गया। वहां उनके लिए चारा, पानी और आवश्यक उपचार की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने पशुओं की स्थिति का भी परीक्षण कराया।
बीना से नागपुर ले जाए जा रहे थे पशु
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गौ-वंश को सागर जिले के बीना बायपास क्षेत्र से खरीदकर नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौ-वंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
