Katni News : एमपी के दो मजदूरों की कर्नाटक में मौत, केमिकल फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव से हुआ हादसा
Katni News : जहरीली गैस रिसाव से तीन मजदूरों की मौत हो गई, दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Katni News : कटनी। कर्नाटक के यादगीर जिले के कडेचुर-बडियाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी केमिकल फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव से तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों में मध्य प्रदेश के कटनी जिले के दो श्रमिक भी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सल्फर डाईऑक्साइड गैस के रिसाव की आशंका जताई गई है।
नाइट शिफ्ट के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार तड़के नाइट शिफ्ट के दौरान हुआ। फैक्ट्री में रासायनिक प्रक्रिया के समय अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से ड्यूटी पर मौजूद श्रमिकों का दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रिसाव पर काबू पाने के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया।
कटनी के दो श्रमिकों की गई जान
यादगीर पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विक्रम सिंह गोंड और संजय सिंह गौड़ शामिल हैं। दोनों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।
तीसरा मृतक तेलंगाना के महबूबनगर जिले का निवासी था। वहीं घायल श्रमिक आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के रहने वाले हैं और उनका उपचार रायचूर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में जारी है।
गैस रिसाव की वजह की जांच जारी
पुलिस अधीक्षक पृथ्वीक शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सल्फर डाईऑक्साइड गैस के रिसाव की आशंका है। जिला प्रशासन के अनुसार, फैक्ट्री में स्टेनलेस स्टील रिएक्टर में थायोनिल क्लोराइड रसायन का उपयोग किया जा रहा था।
इसी प्रक्रिया के दौरान गैस को स्क्रबर तक ले जाने वाली पाइपलाइन में रिसाव होने की संभावना जताई गई है। कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ और जांच दल सुरक्षा मानकों के पालन तथा हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि उन्हें अभी तक इस घटना की आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
