MP Accident : नरसिंहपुर सड़क हादसे में 5 की मौत, परिजनों ने जांच की मांग
MP Accident : प्रदर्शनकारियों ने हाईवा चालक की जल्द गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को देखते हुए नरसिंहपुर - जबलपुर से पुलिस बल तैनात किया है।
MP Accident : मध्य प्रदेश। नरसिंहपुर जिले में पांच युवकों की सड़क हादसे में हुई मौत अब नया मोड़ ले चुकी है। मृतकों के परिजनों ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि यह घटना पुरानी रंजिश और अवैध रेत कारोबार से जुड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
रविवार शाम इंदिरा नगर के पास हुए हादसे के बाद सोमवार को मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस में शव रखकर पांवला तिराहे पर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवा चालक की जल्द गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को देखते हुए नरसिंहपुर और जबलपुर से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाई ने पुरानी रंजिश का लगाया आरोप
मृतक राजेंद्र पटेल के भाई प्रेमसिंह पटेल ने कहा कि उन्हें यह मामला केवल सड़क हादसा नहीं लगता। उनका दावा है कि पुरानी रंजिश के कारण उनके भाई की जानबूझकर हत्या की गई है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शी सतीश पटेल के अनुसार सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने गए थे। लौटते समय वे सड़क किनारे खड़े होकर तस्वीरें ले रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा सड़क की ओर आया और सीधे युवकों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि सभी लोग दूर जाकर गिरे और कई लोग बेहोश हो गए।
समाजवादी पार्टी नेता ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने इस घटना को सुनियोजित साजिश बताया है। उनका कहना है कि मृतक राजेंद्र पटेल पार्टी के युवा नेता थे और लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन तथा परिवहन के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण उनकी कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस जांच जारी, परिजन आंदोलन के मूड में
मृतकों के परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा आंदोलन करेंगे। वहीं पुलिस ने अभी तक हत्या या साजिश की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात भारी वाहन की तलाश की जा रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।