Narsinghpur News : बारिश के बाद नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा फोरलेन बदहाल, गहरे गड्ढे से लोगों की बढ़ी परेशानी
Narsinghpur News : स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर बने बड़े गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। इससे छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ रही है।
Narsinghpur News : मध्य प्रदेश। नरसिंहपुर जिले में मानसून की शुरुआत के साथ ही नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा फोरलेन मार्ग की खराब स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे और किनारों पर कटाव होने से वाहन चालकों के लिए सफर मुश्किल और जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाएगा, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होगा और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
50 से अधिक गांवों की लाइफलाइन बनी यह सड़क
नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा फोरलेन जिले के 50 से अधिक गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। हर दिन हजारों लोग नौकरी, व्यापार, शिक्षा, इलाज और कृषि कार्य के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं।
सड़क की ऊपरी परत कई जगहों से उखड़ चुकी है, जिससे सफर असुविधाजनक हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है, क्योंकि गड्ढों और खराब सड़क के कारण वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण बन गया है।
गड्ढों से बचने के प्रयास में बढ़ रहा हादसों का खतरा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर बने बड़े गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। इससे छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ रही है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में गड्ढों का सही अनुमान लगाना कठिन होता है।
तेज रफ्तार वाहनों के लिए भी यह सड़क जोखिम भरी साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के मौसम में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ सकती है।
गोटेगांव-जबलपुर मार्ग भी खराब
नरसिंहपुर-गोटेगांव-जबलपुर मार्ग की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। इस सड़क पर भी कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं और किनारों पर कटाव दिखाई दे रहा है। लगातार बारिश और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है।
इससे वाहन फिसलने और दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन गुजरते हैं, इसलिए इसकी मरम्मत को भी आवश्यक माना जा रहा है।
अधूरी मरम्मत पर लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया गया था, लेकिन बीच में ही रोक दिया गया। इससे कई गड्ढे वैसे ही खुले रह गए और सड़क की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो सका।
नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित निर्माण एजेंसी से दोनों प्रमुख मार्गों की जल्द मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय पर कार्रवाई होने से संभावित हादसों को रोका जा सकता है।
