Ujjain Reptile Park : उज्जैन में बनेगा अत्याधुनिक रेप्टाइल पार्क! CM यादव ने किया निरीक्षण
Ujjain Reptile Park : CM ने कहा कि यह पार्क वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उज्जैन को नई पहचान दिलाएगा।
Ujjain Reptile Park : मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन के बसंत विहार क्षेत्र में निर्माणाधीन रेप्टाइल पार्क (सर्प उद्यान) एवं अनुसंधान केंद्र का निरीक्षण किया। यह परियोजना स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह पार्क वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उज्जैन को नई पहचान दिलाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने के निर्देश भी दिए।
होमगार्ड जवानों को मिलेगा सांप रेस्क्यू का विशेष प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के होमगार्ड जवानों को भी सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उनका रेस्क्यू करने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए।
उन्होंने कहा कि कई बार रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन जाता है। यदि होमगार्ड के जवान प्रशिक्षित होंगे तो वे सुरक्षित तरीके से सांपों का रेस्क्यू कर सकेंगे।
इससे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और वन्यजीवों को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद करेगी।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा रेप्टाइल पार्क
निर्माणाधीन रेप्टाइल पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहां आगंतुकों के लिए विशेष विजिटर जोन बनाया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रजातियों के सांपों और अन्य सरीसृपों के प्रदर्शन के लिए अलग प्रदर्शनी क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
पार्क में जनसुविधा केंद्र, पशु चिकित्सालय, पोस्टमार्टम कक्ष, इंटरप्रिटेशन सेंटर, रिसर्च सेंटर, एजुकेशन सेंटर और अत्याधुनिक रेस्क्यू सेंटर भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्नेक पार्क भी विकसित होगा, जहां लोगों को सांपों के प्राकृतिक व्यवहार, उनके महत्व और संरक्षण से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
वन्यजीव संरक्षण और जागरूकता का बनेगा बड़ा केंद्र
रेप्टाइल पार्क का उद्देश्य केवल सांपों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि लोगों में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। इस केंद्र के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि अधिकांश सांप पर्यावरण और जैव विविधता के लिए बेहद उपयोगी होते हैं।
यहां बच्चों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को सरीसृपों के वैज्ञानिक अध्ययन का अवसर मिलेगा। साथ ही संकटग्रस्त प्रजातियों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और जैव विविधता को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। रेस्क्यू सेंटर में घायल या संकटग्रस्त सांपों का उपचार और पुनर्वास भी किया जाएगा।
उज्जैन को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेप्टाइल पार्क बनने के बाद उज्जैन वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
यह परियोजना लोगों में प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ वैज्ञानिक शोध को भी प्रोत्साहित करेगी। सरकार का लक्ष्य वन्यजीव संरक्षण को मजबूत बनाना और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक जागरूक करना है।