Farmers Protest Update : किसानों की मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख! शिवराज सिंह से मूंग उपार्जन सीमा बढ़ाने का अनुरोध
Farmers Protest Update : कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और जल्द सकारात्मक समाधान किया जाएगा।
Farmers Protest Update : भोपाल। मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों से संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री समूह की एक समिति गठित की गई है। इस समिति में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री राकेश सिंह को शामिल किया गया है। समिति ने किसान प्रतिनिधियों से बातचीत भी शुरू कर दी है।
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और सभी मुद्दों का जल्द एवं सकारात्मक समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मूंग खरीदी बढ़ाने के लिए केंद्र को भेजा संशोधित प्रस्ताव
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया है। भारत सरकार ने पहले मध्यप्रदेश को 4.54 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य दिया था।
राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 8.06 लाख मीट्रिक टन करने का प्रस्ताव भेजा है। मंत्री ने पत्र में उल्लेख किया है कि इस संबंध में पहले भी प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं और किसानों के हित में जल्द निर्णय की आवश्यकता है।
प्रदेश में बंपर उत्पादन से बढ़ी खरीदी की जरूरत
जानकारी के अनुसार इस वर्ष मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का रकबा लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है। अनुमान है कि कुल उत्पादन 20.16 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच सकता है। उत्पादन और पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए प्रदेश में करीब 8 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी की संभावना है।
ऐसे में मौजूदा खरीद लक्ष्य किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का पूरा लाभ दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। इसी कारण सरकार ने केंद्र से लक्ष्य बढ़ाने का आग्रह किया है।
पंजीकृत किसानों को MSP का लाभ दिलाने की तैयारी
प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी के लिए 3.47 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। हालांकि वर्तमान लक्ष्य के अनुसार अब तक केवल 82 हजार किसानों से ही मूंग खरीदी हो सकी है।
कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत कुल संभावित उत्पादन का 40 प्रतिशत यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन का कोटा मध्यप्रदेश को देने का अनुरोध किया है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके और दलहन उत्पादन के प्रति उनका उत्साह बना रहे।
संवाद और समन्वय से निकलेगा समाधान
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किसानों से शांति बनाए रखने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है और गठित मंत्री समूह भी किसान संगठनों से चर्चा कर रहा है।
मंत्रालय में हुई बैठक में कृषि विभाग के सचिव निशांत बड़वाड़े सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से मूंग खरीदी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।