जानकारी के मुताबिक बल्कर क्रमांक MP19 HA 6094 बरिगवां से सतना स्थित बिरला प्लांट की ओर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे गहरी पकरा गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज रफ्तार बल्कर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया और फिर पलटते ही उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी ड्राइवर को बचा नहीं सके।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तुरंत डायल-112 और गुढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई सुरेश साकेत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने किसी तरह जले हुए शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सीधी जिले के सतोहरी धनहा गांव निवासी 36 वर्षीय ब्रिजेश गौतम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से ट्रांसपोर्ट लाइन में काम कर रहा था और हादसे के वक्त अकेला वाहन चला रहा था। पुलिस को आशंका है कि देर रात लगातार ड्राइविंग करने की वजह से ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
हादसे के चलते रीवा-सीधी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर बल्कर के जलने और धुएं के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल कराया।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी तय करने वाले भारी वाहन चालकों की सुरक्षा और लगातार ड्राइविंग के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात की थकान और झपकी कई बार ऐसे हादसों की वजह बनती है, जिनमें लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है।