CM Mohan Yadav: हरदा। मध्य प्रदेश के किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान संघ ने समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत मूंग खरीदी, प्रति हेक्टेयर खरीदी सीमा बढ़ाने और किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई।
CM से मुलाकात में उठाए किसानों के मुद्दे
भारतीय किसान संघ, मध्य प्रदेश के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। संघ ने मांग की कि इस बार समर्थन मूल्य पर किसानों की पूरी मूंग फसल खरीदी जाए, ताकि किसी भी किसान को अपनी उपज कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
एमपी में मानसून की एंट्री 22–24 जून के बीच संभव, छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र के बाद पहुंचेगा
12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर खरीदी की मांग
इस संघ के प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर ने बताया कि इस संबंध में कृषि सचिव निशांत बरवड़े से भी चर्चा हुई है। कृषि सचिव के अनुसार राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र भेजकर मूंग खरीदी की सीमा 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर करने की अनुमति मांगी है। केंद्र से मंजूरी मिलते ही नई व्यवस्था लागू की जा सकती है।
ट्रैक्टर में डीजल आपूर्ति का नियम हटाने की मांग
किसान संघ ने ट्रैक्टरों में डीजल आपूर्ति से जुड़े मौजूदा नियम को भी तत्काल समाप्त करने की मांग की। संघ का कहना है कि इससे किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पंजीयन तिथि बढ़ाने और खाद व्यवस्था सुधारने की मांग
बैठक में मूंग पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा किसानों को खाद वितरण में आ रही दिक्कतों पर चर्चा करते हुए ई-टोकन व्यवस्था को आसान बनाने और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बिजली, पानी और सड़क की समस्याओं पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। किसान संघ ने इन मुद्दों के जल्द समाधान की मांग की, ताकि किसानों को खेती और रोजमर्रा के कार्यों में राहत मिल सके।