मेग लेनिंग: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज मेग लेनिंग के नाम महिला टी20 विश्व कप में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। लेनिंग ने साल 2014 में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने महज 67 गेंदों का सामना कररते हुए 126 रन बनाए थे। अपनी इस पारी में लेनिंग ने 18 चौके और 4 छक्के लगाए थे।
डिएंड्रा डॉटिन: वेस्टइंडीज की धाकड़ बल्लेबाज ड्रिएंडा डॉटिन टी20 विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज रही हैं। उन्होंने 2010 में हुए वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 45 गेंदों में 112 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए थे।
हीथर नाइट: महिला टी20 विश्व कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर इंग्लैंड की बल्लेबाज हीथर नाइट का नाम दर्ज है। उन्होंने 2020 में थाईलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार बैटिंग करते हुए 66 गेंदों में 108 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अपनी इस पारी में नाइट ने 13 चौके और 4 छक्के लगाए थे।
हरमनप्रीत कौर:भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2020 में हुए महिला टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 गेंदों में 103 रनों की दमदार पारी खेली थी। हरमनप्रीत ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने 103 रनों की अपनी इस पारी में से 76 रन सिर्फ चौके-छक्के से बटोरे थे।
मुनीबा अली: पाकिस्तान टीम की बल्लेबाज मुनीबा अली के नाम महिला टी20 विश्व कप में पांचवीं सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2023 में हुए वर्ल्ड कप में आयरलैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों में 102 रनों की दमदार पारी खेली थी। मुनीबा ने अपनी इस इनिंग में 14 चौके जमाए थे।