Mahakaushal Times

ग्वालियर में इंस्पेक्टर पर रेप का आरोप: फेसबुक दोस्ती के बाद शादी का झांसा, केस दर्ज


ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक पुलिस इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। झांसी रोड थाना में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा ने फेसबुक के जरिए महिला से दोस्ती कर उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत करने वाली 38 वर्षीय महिला शहर में बुटीक चलाती है और वर्तमान में 9 महीने की गर्भवती बताई जा रही है।

फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, खुद को बताया अविवाहित

पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2024 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान रूपेश शर्मा से हुई। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ीं। इस दौरान आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और महिला को भरोसे में लिया, जबकि हकीकत में वह पहले से शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

महिला का आरोप है कि 2024 में ही आरोपी पहली बार उसके बुटीक पर आया, जहां उसने जबरन संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने शादी का वादा कर मामला शांत कराया। इसके बाद भी वह लगातार शादी का आश्वासन देकर महिला के साथ संबंध बनाता रहा। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा।

सच्चाई सामने आई तो दी धमकी

शक होने पर महिला ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई, जिसमें उसकी शादी और बच्चों की सच्चाई सामने आई। विरोध करने पर इंस्पेक्टर ने उसे धमकाया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद देर रात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया।

ड्यूटी से गायब आरोपी, विभागीय कार्रवाई की तैयारी

मामले के सामने आने के बाद आरोपी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा का मोबाइल बंद है और वह बिना सूचना ड्यूटी से भी गायब बताया जा रहा है। अखिलेश रैनवाल (एसपी, पीटीएस तिघरा) ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

पुलिस जांच जारी, गिरफ्तारी की तैयारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए बढ़ते अपराधों और भरोसे के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर