नई दिल्ली। हिंदू मान्यताओं में गुरुवार को पीले वस्त्र पहनना बेहद शुभ माना गया है। मान्यता है कि इससे भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति की कृपा मिलती है, जिससे जीवन में तरक्की, धन और मानसिक शांति आती है। सनातन परंपरा में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित माना गया है। गुरुवार यानी बृहस्पतिवार का संबंध भगवान विष्णु और देवताओं के गुरु बृहस्पति से माना जाता है। यही कारण है कि इस दिन पूजा-पाठ, व्रत और पीले रंग के विशेष महत्व का उल्लेख मिलता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गुरुवार को पीले वस्त्र धारण करना शुभ फलदायी माना जाता है और इससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
ज्योतिष शास्त्र में पीले रंग को ज्ञान, समृद्धि, सुख और सौभाग्य का प्रतीक बताया गया है। यह रंग मानसिक शांति और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला माना जाता है। भोपाल के ज्योतिष एवं वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को पीले कपड़े पहनने से व्यक्ति के भीतर सकारात्मक सोच विकसित होती है और नकारात्मकता दूर होती है। यही वजह है कि धार्मिक अनुष्ठानों, विवाह और शुभ कार्यों में पीले रंग का विशेष उपयोग किया जाता है।
मान्यता है कि गुरुवार के दिन पीले वस्त्र पहनकर भगवान विष्णु की पूजा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। जिन लोगों के जीवन में बार-बार बाधाएं आती हैं या काम बनते-बनते बिगड़ जाते हैं, उनके लिए भी यह उपाय लाभकारी माना गया है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार यदि किसी व्यक्ति का इंटरव्यू, परीक्षा, व्यापारिक सौदा या कोई महत्वपूर्ण काम गुरुवार को हो, तो पीले रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है। इससे मन शांत रहता है और सफलता की संभावना बढ़ती है। वहीं मानसिक तनाव, डर और चिंता से परेशान लोगों के लिए भी पीला रंग सकारात्मक प्रभाव डालने वाला माना गया है।
ज्योतिष शास्त्र में विवाह में देरी या रिश्तों में बाधा आने पर भी गुरुवार के उपाय करने की सलाह दी जाती है। खासतौर पर अविवाहित लड़कियों को हर गुरुवार पीले वस्त्र पहनकर भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति की पूजा करने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि इससे विवाह के योग मजबूत होते हैं और योग्य जीवनसाथी मिलने की संभावना बढ़ती है।
अगर किसी कारणवश पीले कपड़े पहनना संभव न हो, तो हल्दी का तिलक लगाना या कपड़ों पर हल्दी का स्पर्श करना भी शुभ माना जाता है। हल्दी को स्वयं शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना गया है।
धार्मिक विशेषज्ञों के अनुसार गुरुवार के दिन पीले रंग के साथ चने की दाल, हल्दी, केला और पीले फूलों का दान करना भी बेहद पुण्यकारी माना जाता है। इससे गुरु ग्रह मजबूत होता है और व्यक्ति को करियर, शिक्षा, विवाह और धन से जुड़े मामलों में लाभ मिलने लगता है।