MP Export Growth : मध्य प्रदेश। इंदौर में आयोजित ‘मध्य प्रदेश (भारत)-LAC व्यापार एवं निवेश फोरम 2026’ में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लैटिन अमेरिका और कैरेबियन देशों के राजदूतों, उद्योगपतियों और निवेशकों से विस्तृत संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने मध्य प्रदेश को निवेश और निर्यात के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राज्य बताया और कहा कि प्रदेश अब वैश्विक व्यापार का एक मजबूत केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार लगातार उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं देने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और उद्योग हितैषी नीतियों के कारण देश-विदेश की कंपनियां मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्य प्रदेश से लैटिन अमेरिका और कैरेबियन देशों को होने वाले निर्यात में 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही निर्यात का आंकड़ा बढ़कर 3,835 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो प्रदेश की मजबूत औद्योगिक क्षमता और वैश्विक बाजार में बढ़ती पहचान को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश को आसान बनाने के लिए कई बड़े सुधार किए गए हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत लागू जन विश्वास अधिनियम के जरिए 108 पुराने और जटिल नियमों को समाप्त या सरल बनाया गया है। इससे उद्योग लगाने और संचालन की प्रक्रिया अब और आसान हो गई है।
उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश में बेहतर बुनियादी ढांचा, कुशल मानव संसाधन और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को निवेश, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लैटिन अमेरिका और कैरेबियन देशों के साथ बढ़ते व्यापारिक संबंध मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेंगे।