नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि उनकी सरकार (Government) के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जन कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और सबसे पहले राष्ट्र भावना से प्रेरित होकर युवाओं, महिलाओं और किसान भाई-बहनों को सशक्त बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। पीएम मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, ‘अथक प्रयासों के फलस्वरूप ही आज देश ने बुनियादी ढांचे से लेकर डिजिटल क्रांति तक विश्व स्तर पर एक नई पहचान हासिल की है।’ उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के इस पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगी।
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार के बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जन कल्याण को समर्पित रहे हैं। देश के140 करोड़ लोगों के आशीर्वाद और राष्ट्र प्रथम की भावना से हमने युवाओं, महिलाओं और अपने किसान भाई-बहनों को सशक्त बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। यह हमारे अथक प्रयासों का ही नतीजा है कि इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर डिजिटल क्रांति तक आज देश को दुनिया भर में एक नई पहचान मिली है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम सेवा, सुशासन और समृद्धि के इसी पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।’
मोदी सरकार का 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा
केंद्र में मोदी सरकार का 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। पीएम मोदी की ओर से निम्नलिखित कार्यों का जिक्र किया गया…
गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा उज्ज्वला योजना के तहत 10.5 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन वितरित किए गए हैं और देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
महिला सशक्तिकरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। महिलाओं के नाम पर 32 करोड़ से अधिक जन धन बैंक खाते खोले गए हैं। सशस्त्र बलों में महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी कार्यक्रम के तहत 3 करोड़ महिलाओं की वार्षिक आय 1 लाख रुपये या उससे अधिक हो चुकी है। साथ ही 10 करोड़ से अधिक ग्रामीण महिलाएं 91 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
बुनियादी ढांचे का विकास
प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में शुरू और पूर्ण किए गए प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उल्लेख किया। इनमें अटल सेतु, सुदर्शन सेतु, चिनाब रेल पुल, बोगीबील पुल और पंबन सी ब्रिज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत का मेट्रो रेल नेटवर्क अब 26 शहरों में फैलकर 1,100 किलोमीटर से अधिक लंबा हो चुका है। वहीं देश में 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा हवाई अड्डों की संख्या भी 74 से बढ़कर 164 हो गई है।
युवाओं पर विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री ने कहा कि विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2 करोड़ लोगों को कौशल प्रशिक्षण (स्किल ट्रेनिंग) प्रदान किया गया है। उन्होंने मुद्रा योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। साथ ही भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से विकसित हुआ है और अब देश में 2.2 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप मौजूद हैं। छात्रों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए देशभर में 10,000 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की गई हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि अब 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में संचालित 19,000 से अधिक जन औषधि केंद्रों के माध्यम से लोगों को आवश्यक दवाएं बाजार मूल्य की तुलना में 90 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य खर्च में काफी कमी आई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा
राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात बढ़कर 38,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने आतंकवाद और वामपंथी उग्रवाद (लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म) के खिलाफ सरकार की कड़ी कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए अभियान को और मजबूत किया गया है। प्रधानमंत्री ने औपनिवेशिक दौर के प्रतीकों को हटाने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया है। इसके अलावा, भारतीय नौसेना के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत से प्रेरित नए नौसैनिक ध्वज (नेवल एनसाइन) को अपनाया गया है, जो भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले सरकार में बैठे लोगों के लिए सत्ता का उद्देश्य अपनी सत्ता बरकार रखना मात्र बन गया था, मोदी ने राष्ट्र प्रथम की सोच पैदा की और पूरे देश को उससे जोड़ा। उन्होंने कहा कि दुनिया में अमेरिका, चीन और किसी भी विकसित हुए देश को देखें तो वहां के लोगों ने -एक सपना लेकर तरक्की की। मोदी के नेतृत्व में भारत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ की आबादी, और पूरे संगठन को इस सपने के साथ जोड़ा है। विकसित भारत आज सामूहिक संकल्प बन चुका है। सरकार इसी संकल्प के साथ चल रही है।