Mahakaushal Times

कपूरथला जेल में देर रात बवाल: कैदियों के बीच हिंसक झड़प, बैरक की दीवारें तोड़ीं, भारी पुलिस बल तैनात

 
कपूरथला। पंजाब की कपूरथला जेल में शनिवार रात अचानक हिंसा भड़कने से अफरा-तफरी मच गई। मामूली विवाद के बाद कैदियों और विचाराधीन बंदियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। जेल परिसर में हालात इतने बिगड़ गए कि कई कैदियों ने बैरक नंबर 4 में तोड़फोड़ शुरू कर दी और दीवारों को नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, कुछ कैदियों ने जेल के एक हिस्से में आग लगाने की भी कोशिश की। घटना के दौरान जेल प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। हालात पर काबू पाने पहुंची पुलिस टीम पर भी कैदियों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है।

गोली चलाने के आरोप
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कैदी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दावा किया गया कि स्थिति नियंत्रित करने के दौरान गोलियां चलाई गईं और एक कैदी को गोली लगने की बात भी कही जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

कई लोगों के घायल होने की आशंका
जेल के बाहर कई एंबुलेंस तैनात देखी गईं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि झड़प में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि घायलों की संख्या को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जालंधर रेंज के डीआईजी ने देर रात बयान जारी कर कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। जेल के भीतर हुई इस हिंसक घटना और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन पूरे मामले की गहन पड़ताल कर रहा है कि आखिर विवाद इतना बड़ा कैसे हुआ और जेल के अंदर तोड़फोड़ व हिंसा की नौबत क्यों आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर