Pellet Gun : स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट में पेलेट गन से जबलपुर का युवक घायल, आंख का ऑपरेशन; रोशनी बचेगी या नहीं, पट्टी खुलने पर होगा फैसला
Pellet Gun : जबलपुर के इरशाद मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान उनकी आंख में पेलेट गन का छर्रा लग गया, जिससे उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा।
Pellet Gun : जबलपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन निवासी 25 वर्षीय इरशाद मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान उनकी आंख में पेलेट गन का छर्रा लग गया, जिससे उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। फिलहाल उनका इलाज दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जान चुके हैं।
इंदौर से एमबीए करने के बाद दिल्ली में कर रहे थे नौकरी
इरशाद मंसूरी ने इंदौर से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के बाद वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बताया गया कि 20 जुलाई को वह अपने कुछ दोस्तों के साथ जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने गए थे। इसी दौरान हुई घटना में उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई।
आंख का ऑपरेशन हुआ, रिपोर्ट का इंतजार
इरशाद के बड़े भाई शेख मुस्तफा मंसूरी ने बताया कि घटना की जानकारी 20 जुलाई की शाम एक दोस्त के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही उनके पिता दिल्ली रवाना हो गए और फिलहाल अस्पताल में इरशाद के साथ मौजूद हैं।
डॉक्टरों ने उनकी आंख का ऑपरेशन कर दिया है। हालांकि, आंख की रोशनी पर कितना असर पड़ा है, इसका पता पट्टी हटने और आगे की चिकित्सकीय जांच के बाद ही चल सकेगा।
परिवार ने सभी घायलों के बेहतर इलाज की मांग की
परिवार का कहना है कि उन्हें पहले से जानकारी नहीं थी कि इरशाद प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता इरशाद का जल्द स्वस्थ होना है। शेख मुस्तफा मंसूरी ने मांग की कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए सभी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।