Balram Krishi Mahotsav : CM मोहन यादव बोले- किसान हैं मप्र की रीढ़, 'कृषक कल्याण वर्ष' में बढ़ेगी आय
Balram Krishi Mahotsav : मुख्यमंत्री बड़वानी कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े और किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का संदेश दिया।
Balram Krishi Mahotsav : भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसान प्रदेश की रीढ़ हैं और उनके सामाजिक व आर्थिक विकास के बिना राज्य की तरक्की संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' घोषित किया है। इसी के तहत सभी जिला मुख्यालयों पर बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बड़वानी कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े और किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का संदेश दिया।
आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और नए कृषि नवाचारों से जोड़ना है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी, कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलेगा और वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
बड़वानी के केले की विदेशों तक पहुंच
CM डॉ. यादव ने कहा कि बड़वानी जिले में सिंचाई परियोजनाओं और ड्रिप इरिगेशन के विस्तार से कपास और मिर्च की खेती का क्षेत्र बढ़ा है। उन्होंने बताया कि जिले में उत्पादित केला अब खाड़ी देशों तक निर्यात हो रहा है। इससे स्थानीय किसानों को उनकी उपज का बेहतर अंतरराष्ट्रीय मूल्य मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि कृषि कैबिनेट के निर्णय के अनुसार खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श कृषि मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा।
खाद-बीज की कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को समय पर खाद, गुणवत्तापूर्ण बीज और पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद और बीज की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का विशेष ध्यान है।
प्रगतिशील किसान, विद्यार्थी और डिजिटल क्रिएटर्स हुए सम्मानित
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, बायोगैस, उन्नत खेती और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले के 10 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला। डिजिटल मीडिया के माध्यम से जिले का सकारात्मक प्रचार-प्रसार करने वाले युवाओं को भी मंच से सम्मानित किया गया।