MP Semiconductor : मप्र में 6,200 करोड़ का सेमीकंडक्टर निवेश! सीएम बोले- 2,500 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
MP Semiconductor : CM मोहन यादव की मौजूदगी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए।
MP Semiconductor : भोपाल। मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि वे मध्यप्रदेश में बिना किसी संकोच के निवेश करें। राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना से लेकर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में हर संभव सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने कंपनी के प्रबंध निदेशक मंजुल शरद शाह और उनकी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया है और सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
निवेश से मिलेगा रोजगार
बैठक के दौरान कंपनी के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पारस डिफेंस मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर परियोजना स्थापित करना चाहती है। इस परियोजना के पहले चरण में करीब 6,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। परियोजना शुरू होने के बाद 2,500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कंपनी ने परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि का प्रारंभिक चयन भी कर लिया है और जल्द ही भूमि आवंटन के लिए औपचारिक प्रस्ताव सरकार को सौंपा जाएगा। इस निवेश से प्रदेश में सेमीकंडक्टर निर्माण, उच्च तकनीक विनिर्माण, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मध्यप्रदेश की सेमीकंडक्टर नीति ने निवेशकों को किया आकर्षित
प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पारस डिफेंस ने मध्यप्रदेश की सेमीकंडक्टर नीति को उद्योग के लिए अनुकूल पाया है। इसी वजह से कंपनी ने अपने विस्तार के लिए राज्य को चुना है। अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना से प्रदेश में नई तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और निवेश का माहौल और मजबूत होगा।
रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है पारस डिफेंस
एमपीआईडीसी के प्रबंध निदेशक चन्द्रमौली शुक्ला ने बताया कि पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज लिमिटेड देश की प्रमुख रक्षा और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनियों में शामिल है। कंपनी रक्षा, अंतरिक्ष और एयरोस्पेस क्षेत्र के लिए स्वदेशी तकनीक और अत्याधुनिक इंजीनियरिंग समाधान विकसित करती है।
कंपनी राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में सूचीबद्ध है तथा रक्षा और उच्च परिशुद्धता विनिर्माण क्षेत्र में 40 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
पारस डिफेंस ऑप्टिक्स, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी, ड्रोन सिस्टम, क्वांटम टेक्नोलॉजी और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में कार्य कर रही है। इसके अलावा कंपनी रक्षा मंत्रालय, DRDO, ISRO और अन्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को तकनीकी समाधान भी उपलब्ध कराती है।
उज्जैन में स्थापित होगी विश्वस्तरीय OSAT यूनिट
एमपीआईडीसी के अनुसार, कंपनी मध्यप्रदेश में विश्वस्तरीय OSAT (Outsourced Semiconductor Assembly and Test) यूनिट स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। इस परियोजना के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी।
उज्जैन स्थित डीएमआईसी विक्रम उद्योगपुरी लिमिटेड के फेज-2 में लगभग 40 एकड़ भूमि कंपनी को दिखाई गई है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर इसे परियोजना के लिए उपयुक्त माना है।
प्रस्तावित OSAT यूनिट शुरू होने के बाद मध्यप्रदेश देश के सेमीकंडक्टर उद्योग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी नई पहचान मिलेगी।