MP Balram krishi mahotsav: धार में CM मोहन यादव ने किसानों को दिया नई खेती का मंत्र, बोले- अब नए तरीके अपनाने का समय
MP Balram krishi mahotsav: धार के बलराम कृषि महोत्सव में CM ने किसानों को प्राकृतिक खेती और नई तकनीक अपनाने की सलाह दी।
MP Balram krishi mahotsav: मध्यप्रदेश। धार में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से खेती में नए तरीके अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर किसान प्राकृतिक खेती, नई तकनीक और फसलों की बेहतर प्रोसेसिंग पर ध्यान दें, तो उनकी आमदनी बढ़ सकती है।
किसानों से बोले- खेती का तरीका बदलने का समय आ गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सिर्फ ज्यादा फसल उगाने से काम नहीं चलेगा। किसानों को फसलों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और बेहतर बाजार तक पहुंच पर भी ध्यान देना होगा, ताकि उन्हें अपनी मेहनत का अच्छा दाम मिल सके।
उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, सोलर पंप लगाने, सूक्ष्म सिंचाई और जल संरक्षण जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का पूरा फायदा उठाकर किसान अपनी खेती को और मजबूत बना सकते हैं।
दो हजार से ज्यादा किसान पहुंचे
बलराम कृषि महोत्सव में जिलेभर से करीब दो हजार किसान शामिल हुए। यहां कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न (मिलेट), पशुपालन, मत्स्य विभाग और दूसरी संस्थाओं ने स्टॉल लगाए। किसानों ने नई खेती की तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।
नशा मुक्ति का भी दिया संदेश
महोत्सव में कृषि से जुड़े कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इस दौरान नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।