नई दिल्ली। उज्जैन में उज्जैन विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने अपने कार्यकाल की शुरुआत धार्मिक और सामाजिक संदेश के साथ की। रिंग रोड स्थित तिलकेश्वर गोशाला में उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्होंने गो सेवा कर नई जिम्मेदारी का शुभारंभ किया।
मंगलवार शाम पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. सोलंकी अगले ही दिन गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गो माता को चना खिलाकर आशीर्वाद लिया और समाज को गो सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
निशांत यादव और रोहित मित्तल मंडल की ओर से डॉ. सोलंकी को महाकाल का दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी नारायण यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन में ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के बीच उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
सम्मान समारोह में डॉ. रवि सोलंकी ने कहा कि वे अपने पद की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने उज्जैन के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की बात कही।
इस मौके पर अभय यादव, मुन्ना सरकार, नीलेश यादव, अशोक जैन, राजेश मेवाड़े, विकास यादव, रवि दरब, जय किशन खत्री, हरीश, पंकज धनोतिया, मुकुल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।