Mahakaushal Times

लखनऊ में सुबह से ही झुलसाने वाली गर्मी, 43°C तक पहुंचा पारा; वार्म नाइट का अलर्ट जारी

लखनऊ। लखनऊ में गर्मी ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुरुवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने ऐसा माहौल बना दिया कि लोग दोपहर जैसी तपिश का अनुभव करने लगे। स्थिति यह है कि लोग घर से निकलते समय सिर और चेहरा ढककर बाहर निकलने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके साथ ही शहर में वार्म नाइट का अलर्ट भी जारी किया गया है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

बुधवार को भी लखनऊ में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में साइक्लोनिक प्रेशर और बढ़ी हुई नमी (ह्यूमिडिटी) के कारण वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो रही है। इसके चलते लोगों को असहज और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में रात का तापमान भी अधिक रहेगा और वार्म नाइट के कारण राहत की संभावना फिलहाल नहीं है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें तथा हल्के सूती कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर