Bhopal News : आभार प्रदर्शन समारोह में सीएम की बड़ी घोषणा, बोले- बटालियन में बैगा, झरिया,सहरिया की होगी भर्ती
Bhopal News : समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
Bhopal News : भोपाल। राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में पुलिसकर्मियों के लिए आभार प्रदर्शन समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में नवीन भर्ती और पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का सम्मान किया गया। नवनियुक्त पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षु और पदोन्नति पाने वाले कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। पदोन्नति पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
प्रमोशन से पुलिसकर्मियों में खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुलिसकर्मियों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी उनके उत्साह को बताती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की पदोन्नति से उन्हें भी काफी प्रसन्नता हो रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि करीब 20 हजार पुलिसकर्मी ऐसे रहे, जो पदोन्नति का इंतजार करते हुए सेवानिवृत्त हो गए। इस बात का उन्हें मलाल है। अब पदोन्नति मिलने से लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को दूर करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
अजीत डोभाल का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने पुलिस की कार्यप्रणाली और देश की सुरक्षा के संदर्भ में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की परंपरा में अजीत डोभाल एक बड़ा उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में भारत की मजबूत भूमिका का असर पड़ोसी देशों पर भी दिखाई देता है।
खंडवा में बनेगी नई बटालियन
मुख्यमंत्री ने खंडवा में नई पुलिस बटालियन बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल की बटालियन के लिए भी भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष समुदायों के युवाओं को पुलिस बल से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जाएगा। बैगा, झरिया और सहरिया जैसे अति पिछड़े जनजातीय समुदायों के युवाओं की बटालियन में भर्ती की जाएगी।
9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी
DGP कैलाश मकवाना ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस विभाग में भर्ती और पदोन्नति से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 9,662 पुलिस पदों पर भर्ती की अनुमति प्राप्त हुई है। नई भर्ती से पुलिस बल मजबूत होगा और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
DGP ने बताया कि पुलिस विभाग में 27 हजार से ज्यादा पदोन्नतियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे पुलिसकर्मियों को इससे राहत मिली है। कार्यवाहक पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मी और अधिकारी फिलहाल उसी पद पर रहेंगे। विभाग में पदोन्नति से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश पहला नक्सल मुक्त राज्य: DGP
DGP कैलाश मकवाना ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला नक्सल मुक्त राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम किया है। पुलिस की विभिन्न इकाइयों को मजबूत करने के साथ नई व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही पुलिस की सभी इकाइयों में पुलिस बैंड की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
