छिंदवाड़ा में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस : बड़ा देव मंदिर से रैली, जल-जंगल-जमीन और अधिकारों की गूंज
World Tribal Day 2026 : पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। शाम को संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
World Tribal Day 2026 : मध्य प्रदेश। छिंदवाड़ा में 9 अगस्त को होने वाले विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता के साथ जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, संवैधानिक अधिकार, आदिवासी अस्मिता और समुदाय से जुड़े विषय कार्यक्रम के केंद्र में रहेंगे।
बड़ा देव मंदिर से निकलेगी रैली
मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत खापाभाट स्थित बड़ा देव मंदिर से होगी। यहां आदिवासी समाज के लोग एकत्रित होंगे और रैली के रूप में खजरी रोड स्थित रानी दुर्गावती चौक पहुंचेंगे।
चौक पर रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद रैली मानसरोवर कॉम्प्लेक्स से होते हुए पोला ग्राउंड पहुंचेगी, जहां मुख्य आयोजन होगा।
पोला ग्राउंड में दिखेगी आदिवासी संस्कृति
पोला ग्राउंड में आदिवासी समाज की कला, लोक परंपरा और जीवनशैली को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम होंगे। पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। शाम को संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। कार्यक्रम देर शाम तक चलने की संभावना है। आयोजन के जरिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।
आठ प्रमुख मुद्दों पर रहेगा फोकस
आयोजकों के अनुसार, इस बार कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा। आदिवासी भूमि की सुरक्षा, वनाधिकार कानून, पांचवीं अनुसूची, ग्रामसभा के अधिकार, विकास परियोजनाओं से विस्थापन और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समुदायों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग भी उठाई जाएगी।
20 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा
राष्ट्रीय क्रांति मोर्चा और जेबीडी समूह ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई है। आयोजकों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों से लोग रैलियों के माध्यम से जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
