Jabalpur Lokayukta Raid : बाबू सुभाष शर्मा के पास सवा 6 करोड़ के मकान-प्लॉट और फार्महाउस! जबलपुर-सिवनी समेत 5 जगह लोकायुक्त का छापा
Jabalpur Lokayukta Raid : लोकायुक्त की टीम को सुभाष शर्मा के घर से जमीन, प्लॉट, फार्म हाउस और मकानों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इन संपत्तियों का कुल मूल्य करोड़ों रुपये में बताया जा रहा है।
Jabalpur Lokayukta Raid : मध्य प्रदेश। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज प्रशिक्षण केंद्र, सिवनी में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी सुभाष शर्मा के पांच ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने जबलपुर और सिवनी में कार्रवाई शुरू की। छापे की शुरुआत सुबह करीब 5:30 बजे हुई। शुरुआती जांच में शर्मा की ज्ञात आय की तुलना में कई गुना अधिक संपत्ति सामने आने की जानकारी मिली है।
पत्नी के नाम पर खरीदी गई संपत्तियां
लोकायुक्त की टीम को शर्मा के घर से जमीन, प्लॉट, फार्म हाउस और मकानों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इन संपत्तियों का कुल मूल्य करोड़ों रुपये में बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि कई संपत्तियां शर्मा ने अपनी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर खरीदी हैं। टीम अब इन दस्तावेजों की जांच कर संपत्तियों की वास्तविक कीमत और खरीद के स्रोत का पता लगा रही है।
एक करोड़ की आय में 6 करोड़ का खर्च
शुरुआती जांच के अनुसार, सुभाष शर्मा ने अपनी सेवा अवधि में वेतन से करीब एक करोड़ रुपये की आय अर्जित की। वहीं, उनके खर्च और अर्जित संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 6 करोड़ 43 लाख रुपये आंका गया है।
लोकायुक्त अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी संपत्ति किन स्रोतों से अर्जित की गई। संपत्तियों के मूल्यांकन और आय के स्रोतों की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
जबलपुर और फार्म हाउस पर अलग-अलग टीमें पहुंचीं
कार्रवाई के लिए लोकायुक्त ने अलग-अलग टीमें बनाई थीं। डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में निरीक्षक जितेंद्र यादव, राहुल गजभिए और शशि मस्कुले की टीम ने जबलपुर स्थित शर्मा के निवास पर जांच की।
वहीं, डीएसपी नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में दूसरी टीम पाटन तहसील क्षेत्र के एक गांव में स्थित फार्म हाउस पर पहुंची। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों और संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
दस्तावेजों की जांच से खुलेंगे संपत्ति के राज
लोकायुक्त की टीमें जमीन, प्लॉट, मकान और फार्म हाउस से जुड़े दस्तावेजों के साथ अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच और संपत्तियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया अभी जारी है।
कार्रवाई पूरी होने के बाद सुभाष शर्मा की संपत्ति, आय और खर्च से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा तय होगी।
