Chhindwara News : छिंदवाड़ा में छात्र संघ चुनाव को लेकर NSUI की मांग, बोली- प्रत्यक्ष मतदान से चुनें छात्र प्रतिनिधि
Chhindwara News : NSUI पदाधिकारियों के अनुसार, प्रत्यक्ष चुनाव होने से छात्रों को अपनी पसंद के प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा और छात्र राजनीति में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
Chhindwara News : मध्य प्रदेश। छिंदवाड़ा के राजीव भवन में NSUI ने आगामी छात्र संघ चुनाव को लेकर पत्रकार वार्ता की। संगठन ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग उठाई। NSUI पदाधिकारियों ने कहा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव जैसे प्रमुख पदों पर छात्रों को सीधे मतदान के जरिए अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। संगठन का कहना है कि इससे छात्रों की चुनावी प्रक्रिया में सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर
NSUI ने कहा कि छात्र संघ चुनाव केवल पदाधिकारियों का चयन करने की प्रक्रिया नहीं है। यह छात्रों को लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था की समझ देने का भी माध्यम है। संगठन ने सरकार और विश्वविद्यालय स्तर पर प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू करने की मांग की।
NSUI पदाधिकारियों के अनुसार, प्रत्यक्ष चुनाव होने से छात्रों को अपनी पसंद के प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा और छात्र राजनीति में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
12 अगस्त से कॉलेजों में शुरू होगा अभियान
NSUI ने 12 अगस्त से ‘कैंपस की ओर चलो’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिले के अलग-अलग कॉलेजों में पहुंचेंगे। वे छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे।
इसमें पढ़ाई, कॉलेज परिसर और अन्य छात्र हित से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों को छात्र संघ चुनाव और प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के महत्व के बारे में भी बताया जाएगा।
NSUI जिला अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
पत्रकार वार्ता में NSUI जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज का युवा पढ़ा-लिखा और जागरूक है। युवा अपने हित और नुकसान को समझता है और उसे खरीदा नहीं जा सकता।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया छिंदवाड़ा दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को अब युवाओं की ताकत का एहसास होने लगा है। उन्होंने युवाओं के दबाव के कारण सरकार द्वारा छात्र संगठनों की मांगों पर ध्यान देने का दावा भी किया।
कॉलेज से सरकार तक छात्रों की आवाज पहुंचाने का दावा
सूर्यवंशी ने कहा कि NSUI छात्रों की समस्याओं और मांगों को कॉलेज स्तर से लेकर सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव में प्रत्यक्ष मतदान की मांग को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा। पत्रकार वार्ता में NSUI जिला प्रवक्ता नितिन उपाध्याय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
