भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड जीत: अभिषेक-सूर्यवंशी का तूफान, 5 ओवर में ठोके 100 रन
टीम इंडिया ने वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शानदार जीत दर्ज करके सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने न्यूजीलैंड के 199 रनों के लक्ष्य को 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।


IND vs NZ 3rd T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया। 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत की। पहले ही ओवर में इन दोनों ने 26 रन जोड़ दिए और पारी के सबसे महंगे ओवर का रिकॉर्ड बना दिया। इसके बाद सिर्फ 5 ओवर में ही 100 रन पूरे किए और पावरप्ले में सबसे ज्यादा 118 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया। अभिषेक ने 35 गेंद में शतक लगाकर एक बार फिर रिकॉर्डबुक में अपना नाम दर्ज कराया।
अभिषेक शर्मा और सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी
अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने टीम इंडिया को ऐसी शुरुआत दिलाई जिसकी उम्मीद शायद न्यूजीलैंड को नहीं होगी। इन दोनों खिलाड़ियों ने सिर्फ 2.2 ओवर में पहले पचास रनों की साझेदारी की। ये किसी भी टीम की सबसे तेज अर्धशतकीय साझेदारी है। इसके बाद अभिषेक और वैभव ने 5 ओवर में 100 रन जोड़ दिए जो कि किसी भी टीम का सबसे तेज शतकीय स्कोर है। यही नहीं अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा भी कर दिखाया। भारत ने 6 ओवर में 118 रन ठोक दिए जो कि किसी भी टीम का पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा जिसने स्कॉटलैंड के खिलाफ 113 रन बनाए थे।
भारत ने 14 बॉल पर फिफ्टी लगाई
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में 2.2 ओवर में 50 रन पूरे किए। यह T20 इंटरनेशनल में सबसे तेज टीम फिफ्टी के संयुक्त विश्व रिकॉर्ड की बराबरी है। इस सूची में भारत से पहले पापुआ न्यू गिनी और रोमानिया भी 2.2 ओवर में 50 रन बना चुके हैं।
टीम इंडिया ने पावरप्ले में तोड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने पावरप्ले में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े हैं। भारत एक T20I मैच में सबसे तेज टीम सेंचुरी लगाने का कमाल किया है। भारत ने 5 ओवर में ही 100 रन बना लिए। भारत ने रोमानिया का कीर्तिमान ध्वस्त किया है, जिसने 2021 में सर्बिया के खिलाफ 5.2 ओवर में 100 रन कंप्लीट किए थे। भारत ने पुरुषों के एक T20I मैच में पावरप्ले सर्वाधिक रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। भारत ने इस मामले में रोमानिया को पछाड़ा है, जिसने पावरप्ले में 116 बनाने का कारनामा किया था।
अभिषेक शर्मा ने जड़ा शतक
अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में शतक जड़ा, जिन्होंने 15 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली थी। अभिषेक 113 रन बनाकर आउट हुए। 38 गेंदों में खेली गई इस ऐतिहासिक पारी में उन्होंने 11 छक्के और 9 चौके लगाए।
अर्धशतक से चूके वैभव
धुआंधार बल्लेबाजी के बीच वैभव सूर्यवंशी 19 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी इस पारी में वैभव ने 4 छक्के और 4 चौके भी लगाए। वैभव सीरीज के दूसरे मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, लेकिन इस पोजीशन पर वह कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसे में एक मैच बाद ही टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन को नीचे कर वैभव को अभिषेक के साथ ओपनिंग के लिए भेजा और उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी से इस फैसले को सही साबित कर दिखाया।
टीम इंडिया ने जीती सीरीज
अभिषेक और वैभव की तूफानी शुरुआत ने 199 रनों के लक्ष्य को मामूली सा बना दिया। भारत ने इस लक्ष्य को 40 गेंद शेष रहते पूरा किया। टीम इंडिया ने क्राइस्टचर्च में खेले गए शुरुआती दोनों मुकाबले भी जीते थे। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा. पांचवां मैच 1 नवंबर को हैमिलटन में होगा।



