सिवनी में कबाड़ दुकान पर बिजली विभाग का छापा, 3-4 क्विंटल तार जब्त; दो थानों की पुलिस रही मौजूद
सिवनी में बिजली विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान साहू कबाड़ा गोदाम से करीब 300 से 400 किलोग्राम एल्युमीनियम और तांबे के बिजली के तार जब्त किए गए।

Seoni News: मध्य प्रदेश के सिवनी में बिजली विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कबाड़ दुकान से बड़ी मात्रा में सरकारी बिजली के तार जब्त किए गए हैं। शहर के ‘साहू कबाड़ा’ गोदाम पर हुई इस कार्रवाई में करीब 300 से 400 किलोग्राम एल्युमीनियम और तांबे के तार मिले हैं। इनकी कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है। तारों के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जब्ती की कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची बिजली विभाग की टीम
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम एमपीईबी टाउन सिवनी के अधिकारी संदीप धोढे को गोदाम में बिजली के तार रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने टीम के साथ कबाड़ दुकान का निरीक्षण किया। वहां बड़ी मात्रा में एल्युमीनियम और तांबे के बिजली के तार मिले। अधिकारियों के अनुसार, व्यापारी मौके पर इन तारों से जुड़े वैध दस्तावेज या रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। तारों के चोरी के होने की आशंका के चलते वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
दो थानों की पुलिस रही मौजूद
सूचना मिलते ही कोतवाली और डुंडासिवनी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिसर को घेरकर बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ जब्ती की कार्रवाई शुरू की। मौके से लगभग तीन से चार क्विंटल तार बरामद किए गए हैं। इन तारों की अनुमानित कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, जब्त सामग्री की वास्तविक कीमत और उसके स्रोत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तार कहां से आए, इसकी जांच जारी
सरकारी बिजली के तार मिलने के बाद अब यह पता लगाने की जरूरत है कि ये तार कहां से लाए गए थे और इनके पीछे कौन जिम्मेदार है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, तारों के चोरी का होने की आशंका है, इसकी पुष्टि जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद होगी।


