Katni Tiranga Yatra 2026 : बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा, सांसद वीडी शर्मा भी तिरंगा लेकर शामिल; गूंजी भारत माता की जय
Katni Tiranga Yatra 2026 : कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर तिरंगा यात्रा के दौरान प्रशासनिक अमला तैनात रहा। यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।
Katni Tiranga Yatra 2026 : मध्य प्रदेश। कटनी में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह से लगातार बारिश के बावजूद यात्रा तय समय पर फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से शुरू हुई। शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। बारिश के बीच भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयकारे गूंजते रहे।
फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से शुरू होकर स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर और घंटाघर से गुजरी। इसके बाद यात्रा सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज होते हुए आगे बढ़ी। रास्तेभर लोग तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शामिल रहे। लगातार बारिश के बावजूद यात्रा में लोगों की भागीदारी बनी रही।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी हुए शामिल
यात्रा में सांसद वीडी शर्मा, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। स्कूली बच्चों और शहरवासियों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा मार्ग पर प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर तिरंगा यात्रा के दौरान प्रशासनिक अमला तैनात रहा। यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। तहसीलदार कटनी नगर अजीत तिवारी, तहसीलदार अतुलेश सिंह, डॉ. अवंतिका तिवारी, आकाश नीरज, आशीष चतुर्वेदी और बृज बिहारी दुबे सहित अन्य अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं संभालीं। प्रशासन की टीम ने बारिश के बीच यात्रा को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग किया।
तिरंगे के साथ दिया एकता का संदेश
बारिश के बावजूद तिरंगा यात्रा में लोगों की मौजूदगी ने शहर में देशभक्ति का माहौल बनाया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित इस यात्रा में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति एकजुटता का संदेश दिया गया।
