MP Rain Alert: भोपाल में मूसलाधार बारिश से बेहाल हुए हालात: घरों में घुसा पानी, नर्सरी से 12वीं तक स्कूल बंद; 21 जिलों में अलर्ट
मध्य प्रदेश में मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से राजधानी भोपाल समेत 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है । भोपाल में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद निचली बस्तियों और बेसमेंट में पानी भरने के कारण आज सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है ।
राजधानी भोपाल में रात से हो रही अनवरत , तेज बारिश ने सामान्य जनजीवन की रफ्तार थम सी गई है । शहर की सड़कों , निचली बस्तियों और कई रिहाइशी इलाकों में पानी भर गया है । हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए आज भोपाल के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी से लेकर 12वीं तक की छुट्टी घोषित कर दी है । वहीं , मौसम विभाग ने भोपाल समेत मध्य प्रदेश के 21 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है ।
कोलार के अपार्टमेंट्स और पुराने भोपाल के घरों में घुसा पानी
रातभर हुई तेज बारिश की वजह से पुराने भोपाल की निचली बस्तियों के कई घरों में पानी प्रवेश कर गया । इसके साथ ही कोलार इलाके की बहुमंजिला इमारतों के बेसमेंट पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। बेसमेंट में जमा पानी के कारण बिजली लाइनों से करंट फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है, जिसे लेकर रहवासियों को खास सतर्कता बरतने की ताकीद की गई है । सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित होने की आशंका है, इसलिए लोगों को अति आवश्यक काम हो तभी घरों से निकलने की सलाह दी गई है ।
भोपाल में नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
लगातार बरसात और जगह-जगह बने जलजमाव को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने आपातकालीन आदेश जारी किया है। आदेश के तहत आज जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह अवकाश नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों पर लागू रहेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें .
राजगढ़ , विदिशा और सीहोर समेत 5 जिलों में 8 इंच बारिश की आशंका
मौसम में आए इस बड़े बदलाव से प्रदेशवासियों को लंबे समय से जारी उमस और गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भारी सतर्कता बरतने को कहा है । राजगढ़ , विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जहाँ कुछ जगहों पर 8 इंच तक बारिश हो सकती है ।
16 अन्य जिलों में येलो अलर्ट
इसके अलावा उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम , बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर , दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है । इन जिलों में अगले 24 घंटों में करीब 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है ।
