उज्जैन बनेगा देश का बड़ा आध्यात्मिक केंद्र, चारों शंकराचार्यों के बनेंगे स्थायी आश्रम; CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान
सीएम मोहन यादव ने उज्जैन में चारों पीठों के शंकराचार्यों के स्थायी स्थान विकसित करने का ऐलान किया।

.jpg&w=3840&q=75)
धार्मिक नगरी उज्जैन को देश के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मध्य प्रदेश सरकार बड़ी पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि सरकार की योजना उज्जैन में देश की चारों पीठों के शंकराचार्यों के लिए स्थायी स्थान विकसित करने की है। इससे चारों पीठों के शंकराचार्यों के प्रवास और धार्मिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा गुरुवार को ग्राम ढेंढिया स्थित नवनिर्मित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव के दौरान की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। चारों शंकराचार्यों के स्थायी स्थान विकसित होने से शहर की आध्यात्मिक महत्ता को नई पहचान मिलेगी।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ प्राण-प्रतिष्ठा समारोह
ग्राम ढेंढिया स्थित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। इस दौरान मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, गणेश जी, कार्तिक स्वामी, हनुमान जी और नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े कार्यक्रम संपन्न हुए।
कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ से आए विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई। मुख्यमंत्री ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर पूजा की। इस दौरान उन्होंने शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज को अंगवस्त्र और फल की टोकरी भेंट कर सम्मानित किया।
एक पीठ का स्थान स्थापित, द्वारका पीठ के निर्माण को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि उज्जैन में एक शंकराचार्य का स्थायी स्थान पहले ही स्थापित हो चुका है। वहीं, द्वारका पीठ के शंकराचार्य ने भी उज्जैन में स्थान विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए निर्माण कार्य जारी है।
सरकार की कोशिश है कि बाकी पीठों के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था विकसित की जाए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, चारों पीठों के शंकराचार्यों की उज्जैन में मौजूदगी से धार्मिक आयोजनों, आध्यात्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।
सिंहस्थ-2028 से पहले आध्यात्मिक पहचान मजबूत करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधु-संत उज्जैन पहुंचेंगे। ऐसे में शंकराचार्यों के स्थायी केंद्र धार्मिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सरकार का उद्देश्य केवल सिंहस्थ की तैयारियां करना नहीं, बल्कि उज्जैन की धार्मिक विरासत को लंबे समय तक संरक्षित करना भी है। इन आध्यात्मिक केंद्रों के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और शहर की पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
समारोह में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे मौजूद
श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल, विवेक गुप्ता, संभाग आयुक्त आशीष सिंह और एडीजी राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

