डिंडौरी में इंजीनियर को हटाने की मांग, विकास कार्यों में देरी और 10% कमीशन मांगने का आरोप
बतौंधा सेक्टर के इंजीनियर सुनील कुमार धुर्वे पर विकास कार्यों के मूल्यांकन में देरी और एस्टीमेट में बदलाव के लिए 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया गया है।

Dindori News: डिंडौरी में जनपद पंचायत के बतौंधा सेक्टर में पदस्थ इंजीनियर सुनील कुमार धुर्वे के खिलाफ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं का आक्रोश फूट पड़ा है। बुधवार को शाहपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष और स्थानीय नेताओं ने इंजीनियर को सेक्टर से हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम संबोधित एक शिकायत पत्र नायब तहसीलदार ब्रजभान सिंह को सौंपा। शिकायतकर्ताओं ने इंजीनियर पर विकास कार्यों को जानबूझकर लंबित रखने और कार्यप्रणाली में गंभीर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है।
काम पूरा होने के बाद भी मूल्यांकन में देरी
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, क्षेत्र में विकास कार्य कराने वाले स्थानीय ठेकेदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि काम पूरा होने के बाद भी उसका मूल्यांकन समय पर नहीं किया जाता। इससे ठेकेदारों के भुगतान और नए कार्यों की प्रक्रिया प्रभावित होती है।
एस्टीमेट में बदलाव के लिए 10% कमीशन मांगने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंजीनियर सुनील कुमार धुर्वे द्वारा एस्टीमेट में बदलाव या संशोधन के लिए 10 प्रतिशत कमीशन मांगा जाता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कमीशन नहीं देने पर एस्टीमेट में जरूरी संशोधन नहीं किए जाते। हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी जांच होना बाकी है।
इंजीनियर के तबादले की मांग
शिकायत पत्र में कहा गया है कि इंजीनियर की कार्यप्रणाली के कारण क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुनील कुमार धुर्वे को बतौंधा सेक्टर से हटाकर किसी अन्य सेक्टर में पदस्थ करने की मांग की गई है।





