संविधान दिवस पर CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तंज, बोले- 100 बार संविधान के मूल भाव को तोड़ा-मरोड़ा
मध्य प्रदेश विधानसभा में संविधान दिवस पर CM मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

मध्य प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर 'संविधान उत्सव-2026' का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने करीब 100 बार संविधान के मूल भाव को तोड़ने-मरोड़ने का काम किया और 90 से ज्यादा बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के संविधान बचाओ प्रदर्शनों पर तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी ने बार-बार संविधान की भावना के साथ खिलवाड़ किया, आज उसके नेता हाथों में संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आपातकाल, शाहबानो प्रकरण और 1988 के प्रेस अधिनियम का जिक्र करते हुए कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। इसके मूल सिद्धांतों और भावना का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
संविधान के शुरुआती संशोधनों पर उठाए सवाल
विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ था और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया था।
मुख्यमंत्री ने संविधान के शुरुआती वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान लागू होने के एक साल के भीतर ही पहला संशोधन किया गया। उन्होंने 1954 में संसद में पर्याप्त चर्चा के बिना संशोधन किए जाने का भी आरोप लगाया।
'चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है'
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में संविधान की मूल भावना के साथ बार-बार छेड़छाड़ हुई, आज वही पार्टी संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है।'
नेताजी सुभाष चंद्र बोस और धारा 370 का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस के ऐतिहासिक फैसलों और राजनीतिक घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने जबलपुर के त्रिपुरी अधिवेशन का जिक्र करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद तत्कालीन नेतृत्व ने उन पर इस्तीफा देने और पार्टी छोड़ने का दबाव बनाया था।
उन्होंने आपातकाल, शाहबानो प्रकरण और 1988 के प्रेस अधिनियम को लेकर भी कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाए जाने और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम के चित्र सहित कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ मौजूद हैं। इन पहलुओं को भी समझने और चर्चा में शामिल करने की जरूरत है।
संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का योगदान
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश से जुड़े महापुरुषों और प्रतिनिधियों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर, भगवंतराव मंडलोई, पंडित रविशंकर शुक्ल, सेठ गोविंद दास और राजकुमारी अमृत कौर जैसी विभूतियों ने संविधान निर्माण और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से इन विभूतियों के योगदान और विचारों को संकलित कर एक विशेष पुस्तिका प्रकाशित की गई है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को संविधान निर्माण की प्रक्रिया और मध्यप्रदेश के योगदान से परिचित कराना है।
‘संविधान सड़क पर अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं देता’
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अपना महत्व है और हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। हालांकि, असहमति के नाम पर संविधान सड़क पर अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं देता। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मर्यादाओं और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विधानसभा में संविधान गैलरी का उद्घाटन, विशेष प्रदर्शनी शुरू
संविधान दिवस के मौके पर विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संविधान गैलरी का उद्घाटन किया। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में भारतीय संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी शुरू की गई।
इस प्रदर्शनी में संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा के समूह चित्र और मध्यप्रदेश की विभूतियों के योगदान को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया। इस अवसर पर विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका 'विधायिनी' के संविधान विशेषांक का विमोचन किया गया।

.jpg&w=3840&q=75)






