नरसिंहपुर: गन्ने के दाम बढ़ाने सड़क पर उतरे 300 किसान, NH-44 पर दो घंटे चक्काजाम; गाड़ियों में भरकर ले गई पुलिस
नरसिंहपुर में गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर 300 किसानों ने NH-44 पर दो घंटे चक्काजाम किया।

Narsinghpur News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में गन्ने का उचित दाम दिलाने की मांग को लेकर किसानों ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। करीब 300 किसानों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया। इससे नरसिंहपुर से सागर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। किसान गन्ने का भाव 450 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान जब प्रशासनिक अधिकारी किसानों को समझाने पहुंचे तो उन्होंने अपनी मांगों पर अड़े रहते हुए सड़क से हटने से इनकार कर दिया। कुछ किसान सड़क पर लेट गए और हाईवे खोलने का विरोध करने लगे। इसके बाद मौके पर तैनात पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। पुलिस ने कई किसानों को वाहनों में बैठाकर मौके से हटाया और हिरासत में लिया।
गन्ने का भाव 450 से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल की मांग
किसानों का कहना है कि फिलहाल शुगर मिल संचालक उन्हें गन्ने का भाव 450 रुपए प्रति क्विंटल दे रहे हैं। किसानों की मांग है कि बढ़ती लागत और खेती के खर्च को देखते हुए गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए।
इसी मांग को लेकर आठ किसान संगठनों के करीब 300 सदस्य आंदोलन में शामिल हुए। किसानों ने हाईवे पर बैठकर नारेबाजी की और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
सड़क पर लेटे किसान, पांच थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन बातचीत के दौरान कोई सहमति नहीं बन सकी। किसान सड़क पर लेट गए और रास्ता खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद पांच थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए किसानों को सड़क से हटाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। जवानों ने किसानों को पुलिस वाहनों में बैठाकर मौके से हटाया। कुछ प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर थाने ले जाया गया।
करेली शुगर मिल की ओर बढ़े किसान, टट्टा पुल पर रोका
हाईवे पर प्रदर्शन के बीच कुछ किसान करेली शुगर मिल को बंद कराने की मांग को लेकर उसकी ओर बढ़ने लगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें टट्टा पुल के पास ही रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर थाने पहुंचाया गया। आंदोलन में शामिल किसानों का कहना था कि जब तक गन्ने का उचित मूल्य तय नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने यातायात बहाल कराने के लिए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया।



.jpg&w=3840&q=75)
