ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, 14 साल के करियर में बनाए ये बड़े रिकॉर्ड्स
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। मैक्सवेल सोमवार की देर रात संन्यास का ऐलान किया।


Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। सोमवार देर रात उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी। मैक्सवेल जून 2025 में वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह चुके हैं।
उन्होंने लिस्ट-A और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से भी संन्यास लिया है। हालांकि, वे मेलबर्न स्टार्स के लिए बिग बैश लीग खेलते रहेंगे। टीम के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027-28 सीजन तक है। वे IPL में भी खेल सकते हैं।
'फाइनल वर्ल्ड पॉडकास्ट' पर की संन्यास की घोषणा
मैक्सवेल ने 'फाइनल वर्ल्ड पॉडकास्ट' पर अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि यह फैसला थोड़ा दुखद जरूर है, लेकिन इसकी उम्मीद पहले से थी। उन्होंने कहा, 'इंटरनेशनल क्रिकेट और विक्टोरिया के लिए घरेलू 50 ओवर और चार दिवसीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करते हुए थोड़ा दुख हो रहा है, लेकिन यह फैसला लगभग तय था। रेड-बॉल क्रिकेट से विदाई शायद किसी को हैरान नहीं करेगी।'
मैक्सवेल ने आगे बताया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन के साथ इस फैसले को लेकर पहले भी कई बार बात बातचीत हुई थी। टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनके भविष्य पर चर्चा हुई, लेकिन किसी तरह का दबाव नहीं बनाया गया। टीम प्रबंधन भविष्य की तैयारी में जुटा था और नए खिलाड़ियों को मौका दे रहा था। बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में भी युवा खिलाड़ियों को आजमाया गया, जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।
मैक्सवेल का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
मैक्सवेल ने 2012 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा। उसके बाद से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 286 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें उन्होंने 7,226 रन बनाए और 136 विकेट लिए। 'द बिग शो' के नाम से मशहूर मैक्सवेल, 2015 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप तथा 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की चैंपियन टीमों का अहम हिस्सा रहे थ।
149 वनडे में उनके नाम कुल 3,990 रन और 77 विकेट हैं। जिसमें उन्होंने 4 शतक और 23 फिफ्टी भी किए। जबकि 130 T20I में मैक्स ने 2897 रन और 51 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 12 अर्धशतक भी लगाए। मैक्सवेल को सिर्फ 7 टेस्ट मैच खेलने का ही मौका मिला। जिसमें उन्होंने 1 शतक के साथ कुल 339 रन बनाए और 8 विकेट भी लिए।
मैक्सवेल के शानदार रिकॉर्ड्स
विश्व कप का सबसे तेज शतक: वनडे विश्व कप का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के ही नाम है। 2023 में नीदरलैंड के खिलाफ मैच में उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर ही शतक ठोक दिया था। वनडे क्रिकेट इतिहास में चार ही बल्लेबाजों के नाम 40 या उससे कम गेंदों पर शतक हैं।
8वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी: वनडे क्रिकेट इतिहास में 8वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी में ग्लेन मैक्सवेल शामिल रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप के उस मुकाबले में पैट कमिंस के साथ उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में नाबाद 202 रन जोड़े थे। अन्य किसी जोड़ी ने 8वें विकेट के लिए 150 रन भी नहीं जोड़े हैं।
वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले नॉन ओपनर: ग्लेन मैक्सवेल ने 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ 201 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वह उस मैच में छठे नंबर पर बैटिंग करने उतरे थे। मैक्सवेल वनडे में पहले नॉन ओपनर थे, जिन्होंने दोहरा शतक लगाया था।
सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल शतक: ग्लेन मैक्सवेल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का मामले में संयुक्त रूप से टॉप पर हैं। उनके बल्ले से 118 पारियों में 5 शतक निकले। रोहित शर्मा के नाम भी इस फॉर्मेट में 5 शतक हैं।





