अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा, 9 की मौत, प्लेन क्रैश से पहले पायलट बोला- अब वक्त नहीं बचा
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बिजनेस जेट विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।

Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार दोपहर एक बिजनेस जेट हादसे का शिकार हो गया। विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान टेक्सास से बहामास जा रहा था। क्रैश से ठीक पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इमरजेंसी कॉल दी थी। उसने बताया कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा है और अब जमीन से टकराने से बचने का वक्त नहीं बचा है। कुछ ही देर बाद विमान सड़क के पास जमीन से टकरा गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में आग फैल गई।
क्रैश से पहले पायलट ने दी थी इमरजेंसी कॉल
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे से पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के बीच बातचीत हुई थी। रिकॉर्डिंग में पायलट ने मौसम खराब होने, विमान पर बर्फ जमने और तेज झटके लगने की जानकारी दी।
हालात बिगड़ने पर पायलट ने 2 हजार फीट और ऊंचाई पर जाने की अनुमति मांगी। इसी दौरान विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने 'मेडे' कॉल दी। एविएशन में इस कॉल का इस्तेमाल जानलेवा खतरे या गंभीर इमरजेंसी की सूचना देने के लिए किया जाता है।
'हम तेजी से नीचे गिर रहे हैं, अब वक्त नहीं बचा'
एयर ट्रैफिक कंट्रोल से बातचीत के दौरान पायलट ने बताया कि विमान तेजी से ऊंचाई खो रहा है। उसने रेडियो पर कहा कि विमान करीब 8 हजार फीट नीचे जा चुका है और उसके गिरने की रफ्तार 10 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई है।
पायलट ने यह भी कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है और अब बचने का समय नहीं है। इसके कुछ ही देर बाद विमान क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई।
35 हजार फीट की ऊंचाई से गिरा विमान
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान हादसे से पहले 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। नीचे गिरते समय विमान की अधिकतम रफ्तार 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12:50 बजे हुआ। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताया। विमान दुर्घटना की जांच के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की टीम भेजी जा रही है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर जांच करेगी।
600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
विमान रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के असर को देखते हुए आसपास के करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के लिए दो शेल्टर बनाए गए। हादसे की जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14 किलोमीटर दूर बताई गई है। विमान के मलबे और आसपास की स्थिति को देखते हुए राहत और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम किए गए।
22 साल पुराना था विमान
एविएशन इंडस्ट्री की वेबसाइट एविएशन इंटरनेशनल न्यूज के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बिजनेस जेट का निर्माण साल 2004 में हुआ था। यानी हादसे के समय विमान करीब 22 साल पुराना था। हादसे के वक्त इलाके में भारी बारिश, गरज-चमक और तूफान की स्थिति थी। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी खराब मौसम को दुर्घटना की वजह घोषित नहीं किया है।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि विमान क्रैश से पहले बिजली की लाइन से टकराया था। अधिकारियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना की असली वजह FAA और NTSB की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



.avif&w=3840&q=75)









