CM मोहन यादव ने गायत्री धाम में किया योगाभ्यास, बोले- मन में सद्भावना और जीवन में सत्कर्मों का दीप जलता रहे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी जिले के जामली स्थित गायत्री धाम में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया।

CM Mohan Yadav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह बड़वानी जिले के जामली (सेंधवा) स्थित गायत्री धाम में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से जीवन में सद्भावना बनाए रखने, बुरे विचारों से दूर रहने और अच्छे कर्मों के जरिए समाज व राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने की अपील की।
शरद पूर्णिमा के साथ दीपावली का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शरद पूर्णिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली का उत्सव शुरू हो गया है। उन्होंने कामना की कि हर व्यक्ति के मन में सकारात्मकता का दीप जलता रहे और यह जीवनभर ऊर्जा देता रहे। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर साथ दे, तब तक अच्छे काम करते रहना चाहिए। मन में सद्भावना बनी रहे और नकारात्मक विचारों को दूर करने का प्रयास हो। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
जीवन के हर पल का करें सदुपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य को मिला जीवन अनमोल है और इसका बेहतर उपयोग करना चाहिए। महाकाल, भगवान श्रीकृष्ण और मां गायत्री की कृपा का उल्लेख करते हुए उन्होंने लोगों से अपने समय और ऊर्जा को अच्छे कार्यों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन का लक्ष्य तय करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए सकारात्मक सोच के साथ प्रयास करते रहना चाहिए।
भारतीय दर्शन में प्रकृति और ब्रह्मांड का संबंध
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय दर्शन के सूत्र ‘यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मानव शरीर में मौजूद तत्वों का व्यापक स्वरूप ब्रह्मांड में भी दिखाई देता है। उन्होंने प्रकृति, वनस्पति, पंचमहाभूत और प्राणतत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन को समझने में इनकी अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री ने शरीर से आगे आत्मा की यात्रा के आध्यात्मिक महत्व का भी उल्लेख किया।
समाज और राष्ट्र के कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जीवन में आध्यात्मिक चेतना, सद्भावना और सत्कर्मों को अपनाना जरूरी है। व्यक्ति को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हुए ऐसे कार्य करने चाहिए, जिनसे समाज और राष्ट्र को लाभ मिले। गायत्री धाम में योगाभ्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक विचारों को अपनाने का संदेश दिया।




