दतिया उपचुनाव: पहले राउंड में बीजेपी के आशुतोष तिवारी आगे, कांग्रेस दूसरे स्थान पर
दतिया उपचुनाव के पहले राउंड में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी 909 वोटों की बढ़त पर हैं। कांग्रेस दूसरे और आजाद समाज पार्टी तीसरे स्थान पर है।
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बढ़त बना ली है। पहले राउंड की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी 909 वोटों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह दूसरे स्थान पर हैं, जबकि आजाद समाज पार्टी भी मुकाबले में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है।
पहले राउंड में किसे कितने वोट मिले?
मतगणना के पहले राउंड में बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 4441 वोट मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 3532 वोट मिले, जबकि आजाद समाज पार्टी के खाते में 2117 वोट आए हैं। इन आंकड़ों के आधार पर फिलहाल बीजेपी को 909 वोटों की बढ़त हासिल है।
सुबह पोस्टल बैलेट से शुरू हुई मतगणना
मतगणना की शुरुआत सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट की गिनती से हुई। इसके बाद ईवीएम के वोटों की काउंटिंग शुरू की गई। पूरे चुनाव परिणाम के लिए 15 राउंड में मतगणना की जा रही है और इसके लिए 21 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है।
मैदान में हैं 21 उम्मीदवार
दतिया विधानसभा उपचुनाव में इस बार कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें बीजेपी के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में उतरीं किन्नर संजना भी प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।
30 जुलाई को हुआ था मतदान
दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,20,410 मतदाता हैं। इनमें से 30 जुलाई को 1,57,473 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। अब सभी की नजर मतगणना के अगले राउंड और अंतिम नतीजों पर बनी हुई है।
बीजेपी उम्मीदवार ने जताया जीत का भरोसा
मतगणना के बीच बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “सबका आशीर्वाद कमल के फूल के साथ है। अच्छे अंतर से भाजपा दतिया सीट जीतेगी।”
