Women's Asian Champions Trophy: भोपाल में आज भारत-चीन के बीच खिताबी जंग, जीतते ही इतिहास रचेगी टीम इंडिया
भोपाल में आज भारत और चीन के बीच महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला जाएगा। टीम इंडिया के पास चौथी बार चैंपियन बनकर इतिहास रचने का मौका है।

Women's Asian Champions Trophy 2026: भोपाल में महिला हॉकी का सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में आज भारत और चीन की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉकी स्टेडियम में शाम 7 बजे से मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम के पास इस मैच को जीतकर चौथी बार चैंपियन बनने का मौका है। वहीं, टूर्नामेंट में 10 गोल कर चुकीं दीपिका पर एक बार फिर सबकी नजरें रहेंगी।
भारत ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। दूसरी ओर चीन ने जापान को 1-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अब भारतीय टीम घरेलू मैदान पर जीत दर्ज कर इतिहास बनाने के इरादे से उतरेगी।
चौथे खिताब पर भारत की नजर
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2016 में पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इसके बाद 2023 और 2024 में भी टीम चैंपियन बनी। अब तक भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के नाम तीन-तीन खिताब हैं।
चीन के खिलाफ जीत भारत को टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बना देगी। इसके साथ ही भारतीय टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकती है।
गोल करने में भारत सबसे आगे
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का आक्रामक खेल देखने को मिला है। टीम अब तक कुल 29 गोल कर चुकी है, जबकि चीन के खाते में 14 गोल हैं। भारत के इन 29 गोल में से 19 पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए हैं।
दीपिका पर रहेंगी नजरें
भारतीय खिलाड़ी दीपिका टूर्नामेंट में अब तक 10 गोल कर चुकी हैं और वह शीर्ष गोल स्कोरर हैं। उनके अलावा मुमताज खान ने चार और लालरेमसियामी ने तीन गोल किए हैं। फाइनल में भी इन खिलाड़ियों से भारतीय टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
पेनल्टी कॉर्नर में भी दमदार प्रदर्शन
भारतीय टीम ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने के मामले में भी बाकी टीमों को पीछे छोड़ा है। भारत को अब तक 68 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से 19 को गोल में बदला गया। टीम की सफलता दर 27.94 प्रतिशत रही है।
मलेशिया-जापान में आज कांस्य की जंग
फाइनल से पहले कांस्य पदक के लिए मलेशिया और जापान के बीच मुकाबला होगा। यह मैच दोपहर 4:30 बजे से खेला जाएगा। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमें अब तीसरे स्थान के लिए मैदान में उतरेंगी।









