सिवनी: सड़क हादसे ने छीन ली बेटी की जिंदगी, सदमे में मां की भी मौत; एक ही दिन में दो मौतों से मातम
सिवनी में ट्रक हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर 75 वर्षीय मां की भी जान चली गई।

Seoni News: सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। गेहूं परिवहन के लिए जा रहे ट्रक की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलने पर उसकी 75 वर्षीय मां भी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं। उनकी भी मौत हो गई। एक ही दिन में मां-बेटी की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
जानकारी के अनुसार, बालाघाट जिले के लामटा निवासी खेलनबाई मर्सकोले (45) अपने रिश्तेदारों के यहां सिवनी के उगली थाना क्षेत्र में आई हुई थीं। 25 नवंबर को वह सड़क पर थीं, तभी गेहूं परिवहन के लिए जा रहे महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पंजीकृत ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने जताया विरोध
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने विरोध जताया, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही उगली थाना प्रभारी दयाराम शरणागत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक चालक नंदकिशोर नागपुरे (45) को हिरासत में लिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। ट्रक मालिक की ओर से मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार रुपये दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
बेटी की मौत की खबर सुनकर मां की भी गई जान
इस घटना का सबसे दुखद पहलू तब सामने आया, जब खेलनबाई की 75 वर्षीय मां रामबती उइके को बेटी की मौत की सूचना मिली। वह केवलारी क्षेत्र के ग्राम चिखली की रहने वाली थीं। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, बेटी को खोने का सदमा वह सहन नहीं कर सकीं और उनकी भी मौत हो गई।
रामबती का अंतिम संस्कार ग्राम चिखली में किया गया, जबकि खेलनबाई का अंतिम संस्कार बालाघाट जिले में उनके ससुराल क्षेत्र में किया गया। एक ही दिन में मां और बेटी की मौत से दोनों गांवों में शोक छा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
उगली थाना पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

.webp&w=3840&q=75)
