CM मोहन यादव ने देवास में सुनीं शिकायतें, सैनिक परिवार को 10 लाख और किसान को 50 हजार की मदद
देवास में CM मोहन यादव ने शिकायतें सुनकर कार्रवाई के निर्देश दिए और सैनिक परिवार व किसान के लिए आर्थिक मदद घोषित की।

देवास के समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम लोगों की शिकायतें सुनते हुए कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने और छात्रवृत्ति मामले में संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। वहीं, सैनिक के परिवार और किसान के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की।
सैनिक परिवार के लिए 10 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि सैनिकों के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की प्राथमिकता है। सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने के विषय में आवश्यक परीक्षण कराया जा रहा है। परीक्षण के बाद सरकार इस पर निर्णय लेने पर विचार करेगी।
किसान लाल सिंह को 50 हजार रुपये की मदद
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत रखी। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
शिकायत की नस्ती नहीं मिलने पर महाप्रबंधक निलंबित
कार्यक्रम के दौरान एक आवेदक की शिकायत के निराकरण में देरी हुई थी और संबंधित मामले की नस्ती भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित करने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति गलत खाते में पहुंची
आवेदिका सलोनी सिसोदिया ने छात्रवृत्ति नहीं मिलने की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। जांच में सामने आया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति उनके खाते के बजाय किसी अन्य खाते में जमा हो गई थी। संबंधित पर्यवेक्षक की ओर से जरूरी फॉलोअप नहीं किए जाने की बात सामने आने पर मुख्यमंत्री ने उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
नल जल योजना के ठेकेदार पर एक लाख की पेनल्टी
सुरेश मालवीय ने नल जल योजना के काम में लापरवाही की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की निगरानी करने और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
अन्य आवेदकों की समस्याएं भी सुनीं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह सहित अन्य आवेदकों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने विभागों को तय समयसीमा में शिकायतों का निराकरण करने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल
समाधान ऑनलाइन में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

.webp&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)




