खड़गे का PM मोदी पर विवादित बयान…शुरू हुआ सियासी संग्राम! पटना में शिकायत दर्ज, आज देशभर में BJP का प्रदर्शन
पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी से सियासी विवाद गहरा गया है। BJP ने देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया और पटना में शिकायत दर्ज कराई गई।


Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पटना में की गई एक टिप्पणी ने सोमवार को सियासी विवाद का रूप ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। BJP ने देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, वहीं पटना में खड़गे के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है। वहीं कांग्रेस के कई नेता इस मामले में सफाई देकर खड़गे का बचाव कर रहे हैं।
पटना में कैसे शुरू हुआ विवाद?
विवाद रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। खरगे के भाषण के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। इसी बात का जवाब देते हुए खड़गे ने कहा ‘मोदी का बाप भी जाएगा’। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं। BJP ने इसे प्रधानमंत्री के परिवार और उनके दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताते हुए माफी की मांग की।
पटना में शिकायत, 24 घंटे में माफी की मांग
BJP कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह ने पटना के कोतवाली थाने में खड़गे के बयान को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की
शाह-नवीन का कांग्रेस पर निशाना
BJP ने इस टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खड़गे के बयान की निंदा की और आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती रही है।
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जनता इस तरह की भाषा को देख रही है और समय आने पर जवाब देगी। पार्टी ने सोमवार को देशभर में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
कांग्रेस का बचाव, बयान को संदर्भ में देखने की अपील
कांग्रेस की ओर से कहा जा रहा है कि खड़गे की टिप्पणी को कार्यक्रम में हुई पूरी बातचीत से अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए। पार्टी नेता पवन खेड़ा ने दावा किया कि भाषण के दौरान एक व्यक्ति ने बीच में टिप्पणी की थी और खड़गे ने उसी के जवाब में प्रतिक्रिया दी।
वहीं, कार्यक्रम में टिप्पणी करने वाले व्यक्ति ने भी मीडिया से कहा कि उनकी बात का आशय यह था कि केवल शांत बैठे रहने से प्रधानमंत्री नहीं जाएंगे; इसके लिए राजनीतिक बदलाव और विरोध जरूरी है। इस स्पष्टीकरण के बावजूद बयान को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच टकराव जारी है।
अब सियासी टकराव किस मोड़ पर पहुंचेगा?
खड़गे के बयान ने BJP और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग को और तेज कर दिया है। BJP जहां इसे राजनीतिक मर्यादा का सवाल बनाकर देशभर में विरोध की तैयारी कर रही है, वहीं कांग्रेस बयान के संदर्भ को सामने रखकर अपने अध्यक्ष का बचाव कर रही है। अब सबकी नजरें BJP के प्रदर्शनों, कांग्रेस की अगली प्रतिक्रिया और पटना में दर्ज शिकायत पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।








.avif&w=3840&q=75)
