सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री: पहली पोस्ट में दिखाई नई किताब की झलक, जानें क्या कुछ लिखा ?
सोनिया गांधी ने पहली बार इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया। पहली पोस्ट में अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का वीडियो शेयर किया। किताब 10 नवंबर को होगी प्रकाशित।


Sonia Gandhi Instagram Debut: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने पहली बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बनाया है। गुरुवार, 22 अक्टूबर को उन्होंने अपनी पहली पोस्ट शेयर की, जिसमें उनकी आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का वीडियो कवर नजर आया। यह किताब 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है।
सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री को युवाओं तक पहुंच बनाने के नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने खास तौर पर जेन-जी से जुड़ने के लिए अकाउंट बनाया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहली पोस्ट में क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट में लिखा, ‘नमस्ते सभी को। आप सबके साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक’। उन्होंने आगे लिखा, ‘यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपना स्थान खोजने की कहानी है। मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं’।
उनकी पहली पोस्ट में किताब का वीडियो कवर दिखाया गया। इस पोस्ट के जरिए सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभवों और अपनी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने की शुरुआत की है।
अकाउंट पर राहुल और प्रियंका को किया फॉलो
गुरुवार सुबह 11 बजे तक सोनिया गांधी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 9 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे। उन्होंने अपने अकाउंट से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडियन नेशनल कांग्रेस को फॉलो किया है।
जेन-जी तक पहुंचने की कोशिश?
इंस्टाग्राम पर बड़ी संख्या में युवा रील्स और वीडियो के जरिए अपनी बात रखते हैं। ऐसे में यह प्लेटफॉर्म राजनीतिक हस्तियों के लिए भी लोगों तक अपने विचार और गतिविधियां पहुंचाने का माध्यम बन गया है। DataReportal की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के अंत तक भारत में इंस्टाग्राम के 48.1 करोड़ यूजर्स थे। इनमें करीब 25 करोड़ जेन-जी होने का अनुमान है।
किताब में राजीव गांधी से मुलाकात का जिक्र
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े कई अहम पहलुओं का जिक्र है। इसमें इटली में बिताए बचपन से लेकर कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और फिर भारत आने तक की कहानी शामिल है। किताब में नेहरू-गांधी परिवार में शादी, राजीव गांधी के साथ जीवन और परिवार में हुई दुखद घटनाओं के बाद बदली परिस्थितियों के बारे में भी बताया गया है।
2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले पर भी चर्चा
सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का एक अहम पड़ाव साल 2004 रहा, जब कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को लोकसभा चुनाव में सफलता मिली थी। उस समय उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला किया था, जिसकी देशभर में चर्चा हुई थी।
किताब में उनके राजनीतिक सफर और इस फैसले से जुड़े अनुभवों को भी जगह दी गई है। इसके जरिए पाठकों को उनके निजी जीवन के साथ-साथ भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका को समझने का मौका मिलेगा।
परिवार के मानवीय पहलुओं को सामने लाने की कोशिश
सोनिया गांधी का कहना है कि उनके परिवार के बारे में काफी कुछ लिखा गया है, लेकिन उनके इरादों, काम और मानवीय पहलुओं को हमेशा पूरी तरह नहीं समझा गया। उनकी किताब परिवार के इसी व्यक्तिगत पक्ष को सामने लाने की कोशिश करती है।
उन्होंने अपने जीवन को प्यार और वफादारी से जुड़ी यात्रा के रूप में देखा है। यह यात्रा इटली में बिताए बचपन से शुरू होकर भारत में राजीव गांधी की पत्नी और इंदिरा गांधी की बहू के रूप में उनके जीवन तक पहुंचती है।
10 नवंबर को रिलीज होगी किताब
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है। इसमें उनके जीवन के अनुभवों के साथ भारत में पिछले कई दशकों के सामाजिक और राजनीतिक बदलावों का भी जिक्र किया गया है। इंस्टाग्राम पर पहली पोस्ट के जरिए सोनिया गांधी ने इस किताब की झलक साझा की है। अब पाठकों को किताब के जरिए उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े कई पहलुओं को करीब से जानने का मौका मिलेगा।







